Movie prime

IFS परीक्षा 2024: रांची की कनिका अनभ बनीं देश की टॉपर, एनसीईआरटी को बताया सफलता का मंत्र

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सोमवार को भारतीय वन सेवा (IFS) परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया। इस बार रांची की कनिका अनभ ने देशभर में पहला स्थान हासिल कर झारखंड को गौरवान्वित किया है। उन्होंने अखिल भारतीय स्तर पर टॉप कर एक मिसाल कायम की है। वहीं इस प्रतिष्ठित परीक्षा में खंडेलवाल आनंद अनिलकुमार ने दूसरा और अनुभव सिंह ने तीसरा स्थान पाया है।

अपनी कामयाबी पर प्रतिक्रिया देते हुए कनिका ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वह अपने माता-पिता, पूरे परिवार और शिक्षकों को देती हैं, जिन्होंने हर मोड़ पर उन्हें प्रोत्साहित किया और सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने में मदद की।

तैयारी का फॉर्मूला – एनसीईआरटी और लिखने का अभ्यास
कनिका ने UPSC की तैयारी कर रहे युवाओं को सलाह दी कि वे एनसीईआरटी की किताबों से शुरुआत करें और मूलभूत अवधारणाओं को अच्छे से समझें। उन्होंने यह भी बताया कि केवल पाठ्यक्रम पढ़ना ही काफी नहीं, बल्कि उत्तर लेखन की क्षमता विकसित करना भी बेहद जरूरी है।

न्यायिक पृष्ठभूमि से आती हैं कनिका
कनिका के पिता अभय कुमार सिन्हा खूंटी जिले में प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट जज के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि उनकी मां अनिता सिन्हा एक गृहिणी हैं। कनिका ने अपनी स्कूली शिक्षा रांची के जेवीएम श्यामली स्कूल (बायोलॉजी सेक्शन) से की है। स्कूल के प्राचार्य समरजीत जाना ने इस सफलता पर हर्ष जताते हुए कहा कि कनिका की उपलब्धि स्कूल के लिए गर्व की बात है और यह बाकी छात्रों को भी प्रेरित करेगी।

कुल 143 उम्मीदवारों को मिली सफलता
इस वर्ष कुल 143 अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। इनमें 40 सामान्य वर्ग, 19 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 50 अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 23 अनुसूचित जाति (SC) और 11 अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवार शामिल हैं। मुख्य परीक्षा 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2024 के बीच आयोजित हुई थी, जबकि इंटरव्यू और पर्सनालिटी टेस्ट 21 अप्रैल से 2 मई 2025 तक संपन्न हुए।

IFS टॉपर्स की सूची इस प्रकार है:

1. कनिका अनभ
2. खंडेलवाल आनंद अनिलकुमार
3. अनुभव सिंह
4. जैन सिद्धार्थ पारसमल
5. मंजूनाथ शिवप्पा निडोनी
6. संस्कार विजय
7. मयंक पुरोहित
8. सनिष कुमार सिंह
9. अंजलि सोनधिया
10. सत्य प्रकाश
11. चड्ढा निखिल रेड्डी
12. विपुल गुप्ता
13. येदुगुरी ऐश्वर्या रेड्डी
14. रोहित जयराज
15. वंशिका सूद
16. प्रतीक मिश्रा
17. नम्रता एन
18. दिव्यांशु पाल नगर
19. प्रणय प्रताप
20. राहुल गुप्ता
 

News Hub