रांची में पहली बार दिखा इंडियन पैंगोलिन, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

राजधानी रांची के हाजी चौक, रातू क्षेत्र में दुर्लभ जीव इंडियन पैंगोलिन (Indian Pangolin) देखे जाने से सनसनी फैल गई। यह विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुकी प्रजाति का जीव एक स्थानीय युवक के घर की छत पर घूमता पाया गया। इसकी खबर मिलते ही गांव के लोग इसे देखने के लिए उमड़ पड़े, लेकिन अनजान जीव होने के कारण कोई भी इसके करीब जाने की हिम्मत नहीं कर सका। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए इंटरनेट पर सर्च कर इसकी पहचान की और वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू किया। विशेषज्ञों के अनुसार, इंडियन पैंगोलिन दुनिया में सबसे अधिक तस्करी किए जाने वाले स्तनधारियों में से एक है। इसकी खाल और शरीर के अन्य हिस्सों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी मांग रहती है, जिसके कारण इसका अवैध शिकार किया जाता है। यह जीव मुख्य रूप से चींटियों और दीमकों को खाकर जीवित रहता है और इसे आमतौर पर पहाड़ी इलाकों में देखा जाता है।

रांची में पहली बार दिखने से बढ़ी चिंता
स्थानीय युवक ने बताया कि जब उसने इस जीव को देखा, तो पहले उसे समझ नहीं आया कि यह कौन-सा जीव है, लेकिन बाद में उसने इसे पहचान लिया। ग्रामीणों ने इसे सुरक्षित रखने के लिए एक कमरे में बंद कर दिया था, जिसके बाद वन विभाग ने इसे अपने संरक्षण में ले लिया और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
रांची में पहली बार इंडियन पैंगोलिन के देखे जाने की यह घटना वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का विषय बन गई है। अब वन विभाग और स्थानीय प्रशासन इस प्रजाति के संरक्षण के लिए अधिक सख्त कदम उठाने की योजना बना रहे हैं, ताकि इस अनमोल जीव को विलुप्त होने से बचाया जा सके।