Movie prime

जमशेदपुर : श*राब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, दोस्तों ने मार दी गोली; मौत

 

जमशेदपुर के बर्मामांइस क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कैलाश नगर निवासी शुभम कुमार सिंह (25) के रूप में की गई है। यह घटना मंगलवार देर रात की है। शुभम के परिवार वालों ने सलिल दास और उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुभम, सलिल दास और अन्य युवक एक साथ बैठकर शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान शुभम और सलिल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान सलिल ने पिस्तौल निकाली और शुभम के सिर में गोली मार दी। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर बर्मामांइस पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

शुभम, दशमेश ट्रांसपोर्ट में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था। शुभम के भाई अनिल सिंह ने बताया कि शुभम हर रोज ड्यूटी खत्म करके रात करीब 10 बजे घर लौट आता था। मंगलवार की रात जब वह 10.30 बजे तक घर नहीं पहुंचा, तो उसे फोन किया गया, लेकिन उसका फोन बंद था। रात करीब 3.40 बजे बर्मामांइस पुलिस ने अनिल को फोन कर थाने आने को कहा। जब वह थाने पहुंचे, तो पुलिस ने शुभम की फोटो दिखाई। अनिल ने उसकी पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उसे एमजीएम अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया।

अनिल सिंह ने बताया कि शुभम का शव सलिल दास के घर के बरामदे में पड़ा हुआ था। सलिल दास और उसके दोस्तों ने मिलकर शुभम की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि आपसी विवाद के चलते बर्मामांइस में यह हत्या हुई है और घटना पार्टी के दौरान की गई है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और मामले की जांच जारी है।