जमशेदपुर : एक करोड़ की ठगी करने वाले आरोपी को गुजरात पुलिस ने दबोचा

गुजरात पुलिस ने जमशेदपुर के मानगो स्थित आजादनगर रोड नंबर 14 में छापेमारी कर एक बड़े ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम मो. वाहिद है और वह पिछले कई महीनों से पुलिस की नजरों में था। खास बात यह है कि उसकी गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस ने जमशेदपुर में ही अपना कैंप लगा रखा था और वाहिद की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी।
वाहिद की गिरफ्तारी मोबाइल लोकेशन से हुई, जब पुलिस को पता चला कि वह अपनी पत्नी के साथ आजादनगर इलाके में छिपा हुआ है। गुजरात पुलिस ने जमशेदपुर पुलिस के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। वाहिद के खिलाफ एक करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, और अब गुजरात पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जाएगी। वाहिद के साथ उसकी पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, और दोनों से पूछताछ जारी है।
