Movie prime

झारखंड विधानसभा चुनाव में AIMIM की एंट्री, सात सीटों पर उतारे उम्मीदवार

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुसलमीन (AIMIM) ने झारखंड विधानसभा चुनाव में सात सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। इनमें पाकुड़, महागामा, रांची, जमशेदपुर पश्चिम, बड़कागांव, चतरा और गढ़वा सीटें शामिल हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मो शाकिर के अनुसार, इन सीटों पर मुस्लिम वोटर्स की तादाद 22 से 38 प्रतिशत तक है, जो चुनावी समीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, AIMIM ने दूसरे चरण की सीटों पर भी उम्मीदवार उतारने की संभावना जताई है। खासकर, संताल परगना के देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, साहेबगंज और पाकुड़, साथ ही लोहरदगा और गिरिडीह जिलों में, जहां मुस्लिम आबादी 20-30 प्रतिशत के बीच है, वहां पार्टी विशेष ध्यान दे रही है।

पिछले चुनाव में 16 सीटों पर आजमाई थी किस्मत
पिछले विधानसभा चुनाव 2019 में, AIMIM ने 16 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन कोई बड़ी सफलता नहीं मिली थी। डुमरी में सबसे अधिक 24,132 वोट हासिल कर पार्टी दूसरे स्थान पर रही, जबकि बरकट्ठा और मांडर में भी उम्मीदवारों ने उल्लेखनीय वोट प्राप्त किए थे। इसके बावजूद, AIMIM को उम्मीद है कि इस बार अल्पसंख्यक मतदाता पार्टी के प्रति अधिक रुचि दिखाएंगे।

ये उम्मीदवार होंगे मैदान में
पार्टी ने इस बार जिन प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है, उनमें पाकुड़ से हाजी तनवीर आलम, महागामा से कमरान खान, रांची से महताब आलम, जमशेदपुर पश्चिम से बाबर खान, चतरा से सुबोध पासवान, बड़कागांव से शमीम अंसारी, और गढ़वा से डॉ. एम एन खान शामिल हैं।