Movie prime

JSSC ने 444 पदों पर नियुक्ति का निकाला विज्ञापन, महिला सुपरवाइजर पद के लिए 26 सितंबर से दे सकते है आवेदन

लंबे अरसे के बाद महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति का विज्ञापन निकाला है। यह नियुक्ति प्रक्रिया झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से पूरा किया जाएगा। लिखित परीक्षा के माध्यम से 444 महिला पर्यवेक्षिका की नियुक्ति होगी। 26 सितंबर से 25 अक्टूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया www.jssc.nic.in पर पूरी करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद उम्मीदवार 27 अक्टूबर तक परीक्षा शुल्क, फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड कर सकेंगे। आवेदन अपडेट करने के बाद 29 अक्टूबर तक भरे हुए आवेदन का प्रिंट आउट लिया जा सकेगा। आवेदन में किसी तरह की गलती रहती है तो 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक इस पर सुधार किया जा सकता है।

रिक्तियों की संख्या

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार 444 महिला पर्यवेक्षिका के पदों में सबसे ज्यादा अनारक्षित श्रेणी के लिए हैं। इनकी संख्या 187 है। अन्य वर्ग की बात करें तो अनुसूचित जनजाति के लिए 101 पद हैं। जिसमें दो पद आदिम जनजाति के लिए रहेगा। अनुसूचित जाति के लिए 35 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग वन के लिए 42, पिछड़ा वर्ग के लिए 35 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 44 पद हैं।

आवेदन के लिए जरुरी विषय 
महिला पर्यवेक्षिका नियुक्ति के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन में जिस शैक्षणिक योग्यता की बात कही गई है उसमें तीन विषय से स्नातक करने वाली छात्राएं ही आवेदन कर सकती हैं। वैसी छात्राएं जिन्होंने समाजशास्त्र, मनोविज्ञान या होम साइंस में ग्रेजुएशन किया है वही आवेदन के योग्य मानी जाएंगी। चयनित महिला परिवेक्षिका को वेतन के रूप में 35400 से 112400 का वेतनमान दिया जाएगा।

ऐसे होगा सेलेक्शन
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड एग्जामिनेशन के आधार पर होगा। परीक्षा एक चरण की होगी। परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ एवं बहु वैकल्पिक उत्तर वाले होंगे। एक प्रश्न तीन अंक का होगा। सही उत्तर के लिए तीन अंक मिलेंगे और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक अंक काटे जाएंगे। भाषा के विषयों को छोड़कर अन्य विषयों के प्रश्न हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में होंगे। लिखित परीक्षा तीन पेपर का होगा। यह तीन पाली में ली जाएगी।

प्रश्नपत्रों के स्वरूप
पहला पेपर : यह भाषा ज्ञान का होगा। इसमें 60 प्रश्न हिंदी और 60 प्रश्न अंग्रेजी भाषा से होंगे। परीक्षा 2 घंटे की होगी। इस प्रश्न पत्र में प्राप्त अंक केवल क्वालीफाइंग होंगे। उम्मीदवारों को 30 फ़ीसदी अंक लाना होगा। इस पेपर के अंक मेरिट लिस्ट में नहीं जोड़े जाएंगे।
दूसरा पेपर : यह जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा का होगा। उम्मीदवारों को आवेदन करने के दौरान निर्धारित 15 जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा में से एक पत्र लेना होगा। इस परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछा जाएंगे। परीक्षा 2 घंटे की होगी। जनजाति एवं क्षेत्रीय भाषा में 30 फ़ीसदी अंक लाना होगा।
तीसरा पेपर : यह तकनीकी विषय और सामान्य ज्ञान का होगा। इसमें डेढ़ सौ प्रश्न होंगे। परीक्षा अवधि 2 घंटा 30 मिनट की होगी। इसमें तकनीकी विषय से 100 प्रश्न, सामान्य अध्ययन से 20 प्रश्न, सामान्य गणित से 20 प्रश्न और सामान्य विज्ञान से 10 प्रश्न होंगे।

परीक्षार्थी को सभी पेपर में न्यूनतम 30 फ़ीसदी अंक लाना होगा। इससे कम प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी चयन के लिए अयोग्य माने जाएंगे। पहले पेपर में जिन्हें 30 फीसदी अंक नहीं मिलेंगे, उनका पेपर दो और पेपर तीन का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। इसी तरह चिन्हित क्षेत्रीय और जनजातीय भाषा में 30 फ़ीसदी से कम अंक पाने वाले विद्यार्थियों के प्रश्न पत्र तीन का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।