Movie prime

झारखंड के इन जिलों में खुलेंगे मेडिकल कॉलेज, जानें

झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा में 1,45,400 करोड़ रुपये का वार्षिक बजट पेश किया, जिसमें स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दी गई है। इस बजट में कई नई योजनाओं की घोषणा की गई, जिनमें राज्य में मेडिकल शिक्षा के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने पीपीई मोड पर खूंटी, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में नए मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा, रांची जिले में भी एक नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। सरकार का उद्देश्य प्राथमिक, माध्यमिक और तृतीयक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाना है।

वर्तमान में झारखंड में 630 सीटों के साथ छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा, एक निजी मेडिकल कॉलेज में 100 सीटें और एक डीम्ड विश्वविद्यालय में 150 सीटें उपलब्ध हैं। राज्य में मेडिकल शिक्षा के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि को देखते हुए मेडिकल कॉलेजों की संख्या में वृद्धि की गई है। कुछ साल पहले तक राज्य में केवल तीन मेडिकल कॉलेज थे, जो अब बढ़कर आठ हो गए हैं, और एमबीबीएस की कुल सीटें 1,058 तक पहुंच गई हैं।

सरकारी मेडिकल कॉलेजों की स्थिति पर नजर डालें तो रिम्स, रांची में 172 सीटें हैं, जबकि एमजीएम जमशेदपुर में 100, निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज में 50, नीलांबर-पीतांबर मेडिकल कॉलेज, पलामू में 100, फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज में 100 और हजारीबाग मेडिकल कॉलेज में भी 100 सीटें उपलब्ध हैं।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं भी मिलेंगी।

News Hub