दुमका कोर्ट में पेश हुये मंत्री संजय यादव, कैबिनेट बैठक के लिए मिली इजाजत

झारखंड सरकार के श्रम नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बुधवार को दुमका कोर्ट में पेशी दी। यह मामला 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान गोड्डा जिले के पथरगामा थाना में दर्ज आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ा है। मामले में गवाही की प्रक्रिया जारी है, और एक गवाह का बयान आज दर्ज किया जाना था।
कोर्ट से मिली रांची जाने की अनुमति
पेशी के दौरान, मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कोर्ट को सूचित किया कि आज रांची में झारखंड सरकार की कैबिनेट बैठक होनी है। इस कारण उन्होंने कोर्ट से रांची जाने की इजाजत मांगी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद मंत्री तुरंत रांची के लिए रवाना हो गए। मंत्री की पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। संजय प्रसाद यादव गोड्डा विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक हैं और हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं।
