रांची से अजमेर और दिल्ली के लिए नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें शुरू, जानें रूट

झारखंडवासियों के लिए रेल यात्रा अब और भी आसान होने जा रही है। रेलवे ने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए रांची से अजमेर और नई दिल्ली के लिए दो नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की है। इन दोनों ट्रेनों की जानकारी रेलवे द्वारा जारी नोटिफिकेशन में दी गई है। खास बात यह है कि ये ट्रेनें पलामू जिले के विभिन्न स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
नई दिल्ली के लिए रांची से शुक्रवार को चलेगी ट्रेन
02877 नंबर वाली समर स्पेशल ट्रेन हर शुक्रवार की रात 11:55 बजे रांची से रवाना होगी। यह ट्रेन बरकाकाना, टोरी, लातेहार होते हुए सुबह 5:15 बजे डाल्टनगंज पहुंचेगी। रास्ते में लातेहार में 4:22, गढ़वा रोड पर 6:05 और जपला स्टेशन पर 6:42 बजे का स्टॉप रहेगा। इसके बाद यह ट्रेन सासाराम और दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी।

वापसी में 02878 नंबर की ट्रेन हर रविवार को सुबह 4:00 बजे नई दिल्ली से चलेगी। यह शाम 7:40 बजे जपला और रात 10:10 बजे डाल्टनगंज पहुंचेगी।
रांची से अजमेर के लिए सोमवार को रवाना होगी समर स्पेशल
दूसरी स्पेशल ट्रेन रांची से मदार (अजमेर) के लिए चलाई जा रही है। यह ट्रेन हर सोमवार रात 11:55 बजे रांची से चलेगी और लोहरदगा, टोरी होते हुए सुबह 3:40 बजे डाल्टनगंज पहुंचेगी। गढ़वा रोड में यह सुबह 4:15 बजे रुकेगी। आगे यह ट्रेन चोपन, सिंगरौली होते हुए मदार (अजमेर) पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन रविवार को दोपहर 1:50 बजे अजमेर से चलेगी और शाम 5:05 बजे गढ़वा रोड और 5:37 बजे डाल्टनगंज स्टेशन पहुंचेगी।
इन समर स्पेशल ट्रेनों से गर्मियों के दौरान झारखंड से दिल्ली और राजस्थान की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।