दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, एम्स के मेधावी छात्रों को करेंगी सम्मानित
May 31, 2025, 12:20 IST

देश की राष्ट्रपति, द्रौपदी मुर्मू 10 जून को दो दिवसीय झारखंड दौरे पर देवघर पहुंचेंगी। 11 जून को वे बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगी और फिर देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पहले दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।
डीसी-एसपी ने किया स्थलों का मुआयना
शुक्रवार को देवघर के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग ने एयरपोर्ट, बाबा मंदिर और एम्स परिसर का दौरा किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात संचालन की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां समय पर और पूरी सुरक्षा के साथ सुनिश्चित की जाएं।
एम्स परिसर में दी गई अहम हिदायतें
निरीक्षण के दौरान डीसी ने एम्स में बन रहे कार्यक्रम स्थल पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एयरपोर्ट, सर्किट हाउस और मंदिर की रूटलाइन की समीक्षा कर उन्होंने आपसी समन्वय से सभी विभागों को जिम्मेदारी निभाने को कहा।

राष्ट्रपति के हाथों छात्रों को मिलेगा सम्मान
देवघर एम्स में 11 जून को पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एमबीबीएस के पहले बैच के 50 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति स्वयं मेडल देकर सम्मानित करेंगी। यह समारोह एम्स के ऑडिटोरियम में दोपहर करीब ढाई बजे शुरू होगा।
समारोह की तैयारियों में जुटा प्रशासन
एम्स प्रशासन और राज्य सरकार मिलकर राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। ऑडिटोरियम को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जिसमें लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। समारोह में एम्स की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। पास आउट छात्र-छात्राएं भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।