रामगढ़ : चलती कार में अचानक लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
Feb 5, 2025, 16:54 IST

रामगढ़ जिले के सिकिदिरी घाटी में एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया, जब रांची-गोला रोड पर चलती सीएनजी अर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार चारों यात्रियों ने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
निरंजन चंद्र के नाम से पंजीकृत अर्टिगा कार (नंबर JH01EY7631) गोला से रांची की ओर जा रही थी। सिकिदिरी घाटी से गुजरते समय अचानक कार में आग लग गई। स्थानीय लोगों का मानना है कि आग लगने की वजह सीएनजी लीकेज हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वहीं आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। रजरप्पा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से जली हुई कार को सड़क से हटाया, जिससे यातायात फिर से सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।