Movie prime

रांची: प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम पर रांची नगर निगम में जागरूकता सेमिनार का आयोजन

रांची नगर निगम सभागार में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के अलग-अलग हिस्सों से आए लगभग 60 युवक-युवतियों ने भाग लिया। इस सेमिनार का उद्देश्य युवाओं को इस महत्वपूर्ण योजना के तहत मिलने वाले अवसरों की जानकारी देना और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।

इस कार्यक्रम का संचालन झारखंड के सहायक पंजीयक (रजिस्ट्रार) ऑफ कंपनीज़ एवं उच्च न्यायालय झारखंड के सहायक आधिकारिक परिसमापक डॉ. अभिषेक कुमार ने किया। उनके साथ रांची नगर निगम के सहायक प्रशासक निकेश कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने युवाओं से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम की बारीकियों को साझा किया।

इसके अतिरिक्त नगर निगम की ओर से अभियान प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता और सामुदायिक संसाधन सेविकाएं भी कार्यक्रम में मौजूद थीं, जिन्होंने भी प्रतिभागियों को योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

डॉ. अभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि इस इंटर्नशिप योजना का मकसद युवाओं को सरकारी और निजी संस्थानों में कार्य अनुभव प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए अधिक सक्षम बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के तहत विभिन्न विभागों में इंटर्नशिप के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और यह बेहद सरल भी है।

सेमिनार में युवाओं को दी गई मुख्य जानकारियां:

-आवेदन की प्रक्रिया व आवश्यक दस्तावेज
-पात्रता की शर्तें
-किस-किस संस्थान में आवेदन किया जा सकता है
-एक साथ कितने संस्थानों में आवेदन करने की अनुमति
-इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले लाभ

निकेश कुमार ने जानकारी दी कि रांची नगर निगम के अंतर्गत NULM (राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन) शाखा में एक ऑपरेटर की नियुक्ति की गई है, जो इच्छुक युवाओं को ऑनलाइन पंजीकरण में सहायता करेगा।

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य रांची के अधिक से अधिक युवाओं तक प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना की जानकारी पहुंचाकर उन्हें इससे लाभांवित करना है। सेमिनार के अंत में ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी दी गई, जिसका लाभ उठाते हुए लगभग 25 युवाओं ने तुरंत रजिस्ट्रेशन कराया।