Movie prime

Ranchi : बाबा बैद्यनाथ की पूजा करने देवघर लैंड करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू

रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर 24 मई को झारखंड आयेंगी। वे 24 से 26 मई तक झारखंड में रहेंगी। उनके कार्यक्रम की सूचना मिलने के बाद सरकार और प्रशासन ने तीन जिलों देवघर, खूंटी और रांची में तैयारियां शुरू कर दी है। ईस्टर्न एयर कमांड के सीनियर मेंटनेंस स्टाफ देवेंद्र श्रीवास्तव आज बाबा मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में अहले सुबह पूजा करने के बाद मंदिर की भौगोलिक स्थिति व अलग-अलग जगहों को देखकर रिपोर्ट तैयार की।
मुर्मू 24 मई को एयरफोर्स के विमान से सुबह सात बजे नयी दिल्ली से रवाना होंगी और सुबह 8:55 बजे देवघर पहुंचेंगी। वहां 9:20 बजे बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद 10:20 बजे वह देवघर सर्किट हाउस पहुंचेंगी। पूजा के बाद राष्ट्रपति करीब 30 मिनट तक परिसदन में रुकेंगी। यहां पर जिला प्रशासन की ओर से उन्हें बाबा मंदिर का स्मृति चिह्न, प्रसाद आदि भेंट की जायेगी। इसके बाद करीब 11 बजे राष्ट्रपति का विमान रांची के लिए रवाना होगा।

राष्ट्रपति का विमान दोपहर 12:00 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगा। बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा और 12:30 बजे अलबर्ट एक्का चौक स्थित अलबर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। राष्ट्रपति दोपहर एक बजे राजभवन पहुंचेंगी। विश्राम करने के बाद राष्ट्रपति राजभवन में ही दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आदिम जनजाति समूह से मुलाकात करेंगी। शाम पांच बजे से छह बजे तक झारखंड हाई कोर्ट के नये भवन का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए वे राजभवन लौटेंगी।