Movie prime

रिश्वतखोरी में फंसे सब-इंस्पेक्टर निलेश कुमार सिंह, बोकारो रेंज DIG ने किया बर्खास्त

झारखंड पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत निलेश कुमार सिंह को रिश्वत लेने के गंभीर आरोप में आखिरकार नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। बोकारो रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) ने विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है।

निलेश कुमार सिंह वर्ष 2018 बैच के दारोगा थे, जिनकी तैनाती वर्ष 2022 में धनबाद जिले के लोयाबाद थाना में की गई थी। उसी दौरान उन्होंने एक केस डायरी के प्रबंधन के एवज में 50 हजार रुपये की घूस की मांग की थी। शिकायतकर्ता की ओर से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) को दी गई जानकारी के आधार पर 6 जून 2022 को धनबाद ACB की टीम ने उन्हें 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा था।

गिरफ्तारी के बाद निलेश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था और विभागीय निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई थी। इसके पश्चात उनका स्थानांतरण पलामू जिले के पांडू थाना में कर दिया गया, जहां वे वर्तमान में पदस्थापित थे। शुक्रवार को पलामू पुलिस को उनकी बर्खास्तगी से संबंधित आदेश प्राप्त हो गया, जिसे उन्हें आधिकारिक रूप से सूचित भी कर दिया गया है।