झारखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, 12 जिलों में आंधी और बारिश के आसार, ऑरेंज अलर्ट जारी

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, बारिश रुकने के बाद फिर से तेज गर्मी पड़ने लगेगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज दोपहर बाद झारखंड के 12 जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। साथ ही, बादलों की गरज और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

किन जिलों में रहेगा मौसम का असर?
आज जिन जिलों में आंधी और वज्रपात की संभावना है, उनमें रांची, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, लातेहार, चतरा, पलामू और गढ़वा शामिल हैं। इसके अलावा, 3 अप्रैल को दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, देवघर, पाकुड़, जामताड़ा और धनबाद को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 अप्रैल को गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा को छोड़कर अन्य जिलों में तेज हवा, बादलों की गरज और आकाशीय बिजली गिरने के संकेत हैं। इसे देखते हुए लगातार दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
क्यों बदल रहा है मौसम?
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण झारखंड में मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। दोनों जगहों से आ रही नमी के कारण बीच में कंवर्जन हो रहा है, जिससे बारिश की संभावना बनी हुई है। तापमान में बढ़ोतरी के कारण कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
अप्रैल में गर्मी का बढ़ेगा असर, 42 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अप्रैल के अंत तक झारखंड में भीषण गर्मी पड़ेगी। पूरे महीने लू चलने की आशंका है, और अंतिम सप्ताह में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के मुताबिक साल 2015 में 39.2, साल 2016 में 42.0, साल 2017 में 40.8, साल 2018 में 39.5, साल 2019 में 40.7, साल 2020 में 36.9, साल 2021 में 39.5, साल 2022 में 41.6, साल 2023 में 40.2 और 2024 में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है।