राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होंगे प्रदेश के दो शिक्षक, जनसेवा की भावना से करते हैं काम

सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती यानि शिक्षक दिवस के मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों झारखंड के दो शिक्षक सम्मानित होंगे। इनमें से एक चतरा जिला स्थित मध्य विद्यालय दीवानखाना के मो एजाजुल हक हैं। वहीं दूसरे शिक्षक का नाम मनोरंजन पाठक है। मनोरंजन पाठक कोडरमा तिलैया के सैनिक स्कूल के हैं। इन्हें सिल्वर मेडल, प्रशस्ति पत्र और चेक सौंपे जाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए झारखंड से तीन नाम भेजे गए थे। जिनमें दो का चयन हुआ है।
चतरा जिले के मध्य विद्यालय दीवानखाना के शिक्षक मो एजाजुल हक का चयन बाल केंद्रीत शिक्षा पर जोर देने को लेकर हुआ है। वे इस क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे हैं। अपने शैक्षणिक काम में उन्होंने अभिवंचित और उपेक्षित वर्ग के बच्चों पर फोकस किया। इतना ही नहीं उन्होंने चतरा के प्रतापपुर के गजवा स्कूल में पोस्टिंग के दौरान गरीब और उपेक्षित बच्चों के लिए उन्होंने रात्रि पाठशाला चलाई थी। इसी तरह जब उनका ट्रांसफर दीवानखाना राजकीयकृत मध्य विद्यालय में हुआ तब उन्होंने स्कूल के नजदीक वादी-ए-इरफां मोहल्ला के भुइयां टोली में स्पेशल क्लासेज चलाते हैं। इसके अतिरिक्त उनका फोकस बच्चों के नामांकन, उनकी औसत उपस्थिति, पठन-पाठन बेहतर करने को लेकर है। एजाजुल हक एफएलएन के स्टेट कोर ग्रुप के भी सदस्य हैं। राज्य में चलने वाली किताबों को बनाने और सिलेबस निर्धारण में भी उनकी अग्रणी भूमिका रही है।
रात्रि शिक्षा देकर मनोरंजन पाठक ने बच्चों को सिखाया अनुशासन:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होने वाले झारखंड से दूसरे शिक्षक मनोरंजन पाठक हैं। वे सैनिक स्कूल तिलैया में कंप्यूटर साइंस पढ़ाते हैं। वे बच्चों को न केवल कंप्यूटर सीखाते हैं बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की सीख भी देते हैं। यही वजह है कि उनका चयन राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है। मनोरंजन देश के 27 सैनिक स्कूल में से एकलौते शिक्षक हैं, जिनका चयन हुआ है। कोरोना काल के दौरान जब स्कूल बंद था, उस समय ऑनलाइन क्लास के जरिए मनोरंजन पाठक ने कैडेटों की पढ़ाई और अनुशासन को बेहतर ढंग से बनाए रखा। ऑनलाइन पढ़ाई के बावजूद कोरोना काल में एनडीए के लिए स्कूल से सबसे ज्यादा कैडेटों का चयन हुआ था।