Movie prime

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस दिन आयेंगे झारखंड, पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में होंगे शामिल

इस अहम बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (संभावित) समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। झारखंड प्रशासन की ओर से मुख्य सचिव अलका तिवारी और विकास आयुक्त अविनाश कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे।

झारखंड की राजधानी रांची, आगामी 10 मई को पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की मेजबानी करने जा रही है। इस उच्चस्तरीय बैठक की तैयारियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उपाध्यक्ष के रूप में मौजूद रहेंगे। गृह मंत्री एक दिन पहले, यानी 9 मई को ही रांची आ जाएंगे।

इस अहम बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (संभावित) समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। झारखंड प्रशासन की ओर से मुख्य सचिव अलका तिवारी और विकास आयुक्त अविनाश कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे। प्रशासन ने मेहमानों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आवश्यक कदम उठाए हैं।

स्वच्छता को प्राथमिकता, शहर में सफाई अभियान तेज
रांची नगर निगम ने बैठक को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और आयोजन स्थल के आसपास साफ-सफाई की रफ्तार बढ़ा दी है। नगर निगम प्रशासक संदीप सिंह ने बुधवार को एयरपोर्ट रोड, रातू रोड चौक, कडरू, अरगोड़ा जैसे इलाकों का निरीक्षण किया और स्वच्छता टीमों को विशेष निर्देश दिए। साथ ही, अवैध होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई भी जारी है ताकि शहर की सूरत साफ-सुथरी नजर आए।

यातायात व्यवस्था में होगा बड़ा बदलाव

10 मई को राजधानी में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किए गए हैं:

-भारी वाहनों की आवाजाही सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी।
-छोटे मालवाहक वाहन सुबह 8 बजे से 11 बजे और फिर शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
-बिरसा चौक से सुजाता चौक के बीच ऑटो रिक्शा का संचालन दो चरणों में रोका जाएगा – सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक।
-बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज तक केवल सरकारी वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के साथ-साथ प्रशासन यातायात और स्वच्छता के मोर्चे पर भी सतर्क है, ताकि यह महत्वपूर्ण बैठक बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।