Movie prime

AAP के 13 पार्षदों ने छोड़ी पार्टी, MCD में अलग गुट बनाने की घोषणा

दिल्ली नगर निगम (MCD) में आम आदमी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी के 13 पार्षदों ने न केवल इस्तीफा दे दिया, बल्कि 'इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी' के नाम से एक नया राजनीतिक मंच भी खड़ा कर दिया है। इस नए समूह की कमान वरिष्ठ पार्षद मुकेश गोयल संभालेंगे।

इस्तीफा देने वाले अन्य प्रमुख पार्षदों में हेमचंद गोयल, हिमानी जैन, रुनाक्षी शर्मा, उषा शर्मा, अशोक पांडेय, राखी यादव, साहिब कुमार, राजेश कुमार लाडी, मनीषा, सुमन अनिल राणा, देविंदर कुमार और दिनेश भारद्वाज शामिल हैं।

इन पार्षदों ने एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वे 2022 के निगम चुनाव में AAP के टिकट पर निर्वाचित हुए थे, लेकिन पार्टी नेतृत्व MCD का सुचारू संचालन करने में असफल रहा। उनका आरोप है कि शीर्ष नेतृत्व और पार्षदों के बीच संवाद की कमी रही, जिसके चलते पार्टी विपक्ष में पहुंच गई और जनता से किए वादे अधूरे रह गए।

AAP

भाजपा के राजा इकबाल सिंह बने मेयर, AAP ने किया था चुनाव बहिष्कार
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2025 को दिल्ली में नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव हुए थे, जिनमें आम आदमी पार्टी ने हिस्सा नहीं लिया था। मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच हुआ, जिसमें भाजपा प्रत्याशी राजा इकबाल सिंह ने 133 वोट पाकर मेयर पद पर कब्जा जमाया।

डिप्टी मेयर पद पर भाजपा के जय भगवान यादव निर्वाचित हुए। कुल 142 वोट डाले गए, जिनमें से कांग्रेस को सिर्फ 8 वोट मिले। भाजपा की जीत पहले से तय मानी जा रही थी क्योंकि उनके पास पहले ही 117 पार्षदों का समर्थन था।

MCD की स्थिति: भाजपा आगे, AAP कमजोर
दिल्ली नगर निगम में कुल 250 सीटें हैं, लेकिन फिलहाल 238 पार्षद ही सक्रिय हैं, क्योंकि कुछ सीटें विधानसभा और लोकसभा के लिए चुने गए पार्षदों के कारण खाली हो गई हैं। भाजपा के पास 117 पार्षद हैं जबकि AAP के पार्षदों की संख्या इस्तीफों के बाद और घट गई है। कांग्रेस मात्र आठ सीटों तक सिमटी हुई है। इसके अतिरिक्त, मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव में दिल्ली के 10 सांसद (7 लोकसभा, 3 राज्यसभा) और 14 विधायक भी वोट डालते हैं।

News Hub