Breaking : सीमा पर थमी तकरार, भारत-पाक सीजफायर पर मुहर, आज शाम से बंद हो जाएगी गोलाबारी
May 10, 2025, 18:19 IST

भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ दिनों से चले आ रहे तनाव को लेकर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। शनिवार शाम दोनों देशों के बीच संघर्षविराम लागू हो गया है। जानकारी के अनुसार, यह फैसला पाकिस्तान की तरफ से बातचीत की पहल के बाद लिया गया, जिसे भारत ने स्वीकार कर लिया।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार दोपहर 3:35 बजे पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने भारतीय DGMO को फोन किया। दोनों अधिकारियों के बीच बातचीत के दौरान इस बात पर सहमति बनी कि भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे से दोनों देशों के बीच ज़मीन, समुद्र और हवा में किसी भी प्रकार की गोलीबारी या सैन्य गतिविधि नहीं की जाएगी।
मिस्री ने कहा कि दोनों देशों की सेनाओं को इस फैसले को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही यह भी तय किया गया है कि 12 मई को दोपहर 12 बजे दोनों देशों के सैन्य अधिकारी एक बार फिर बात करेंगे ताकि हालात की समीक्षा की जा सके।