Movie prime

दूल्हे ने 5 दुल्हनों के साथ रचायी शादी, जानें वायरल वीडियो का सच

सोशल मीडिया पर एक अनोखी शादी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक दूल्हा एक-एक करके 5 दुल्हनों की मांग में सिंदूर भरता नजर आ रहा है। यह देखकर कई लोग चौंक गए हैं और वीडियो की सच्चाई जानने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग इसे मजाक समझ रहे हैं, तो कुछ इसे सच मान रहे हैं। 52 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे 'एक्स', इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर धड़ल्ले से शेयर हो रहा है। वीडियो में एक सफेद शेरवानी पहना हुआ दूल्हा पांच दुल्हनों के साथ बैठा है और वह एक-एक करके सभी की मांग में सिंदूर भर रहा है। इसके बाद पांचों दुल्हनें दूल्हे के पैर छूकर आशीर्वाद लेती हैं। वीडियो के एक हिस्से में सात फेरे लेते हुए भी दिखाया गया है। 

कुछ यूजर्स ने इसे धार्मिक रंग भी दे दिया है। एक यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, "मुसलमानों की 4 बीवियों पर बात करने वाले देखो, कैसे एक संस्कारी व्यक्ति ने 5 लड़कियों से एक साथ शादी की।"

देखें वायरल वीडियो : 

क्या है वीडियो का सच ?
वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर उस पर 'Actor Brajesh' का वॉटरमार्क नजर आता है। जब इस नाम को इंस्टाग्राम पर सर्च किया गया, तो यह वीडियो ब्रजेश तिवारी नाम के एक्टर से जुड़ा पाया गया। ब्रजेश तिवारी (@actorbrajesh07) एक इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं, जिनके इंस्टाग्राम पर 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और यूट्यूब पर 13 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स। इस वीडियो को ब्रजेश ने करीब 9 सप्ताह पहले अपने इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। उनका कहना है कि यह वीडियो पूरी तरह से मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया है और इसमें असली शादी नहीं, बल्कि शादी का अभिनय किया गया है।