साल 2025 की पहली तारीख से बदलेंगे कई अहम नियम, आम आदमी की जेब पर होगा सीधा असर

नये साल की शुरुआत के साथ ही भारत में कई महत्वपूर्ण नियम लागू होने जा रहे हैं, जो आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन पर असर डालेंगे। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में:
1. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की तरह 1 जनवरी 2025 से भी LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव की संभावना है। 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में संशोधन किया जा सकता है। हालांकि, घरेलू रसोई गैस (14 किलोग्राम) की कीमत स्थिर रहने की उम्मीद है।
2. ATM से निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO खाताधारकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। अब 1 जनवरी से ATM मशीन के जरिए PF अकाउंट से पैसे निकालने की सुविधा शुरू हो सकती है। श्रम मंत्रालय ने IT सिस्टम को अपग्रेड कर यह सेवा प्रदान करने की योजना बनाई है।
3. UPI ट्रांजैक्शन की सीमा बढ़ी
फीचर फोन यूजर्स के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने UPI 123Pay की ट्रांजैक्शन सीमा को 5,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया है। यह बदलाव 1 जनवरी से प्रभावी होगा, जिससे डिजिटल पेमेंट्स को और अधिक बढ़ावा मिलेगा।

4. 2 लाख रुपये तक का कृषि लोन बिना गारंटी
किसानों के लिए राहतभरी खबर है। अब 1 जनवरी 2025 से बिना गारंटी के 2 लाख रुपये तक का कृषि लोन मिल सकेगा। भारतीय रिजर्व बैंक ने इस सीमा को बढ़ाकर किसानों को आर्थिक मजबूती देने का प्रयास किया है।
5. NSE के कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी डेट में बदलाव
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने अपने मंथली कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी डेट में बदलाव किया है। 1 जनवरी से फिननिफ्टी, मिडसीपीनिफ्टी और निफ्टीनेक्स्ट50 के कॉन्ट्रैक्ट्स अब महीने के आखिरी गुरुवार को एक्सपायर होंगे।
6. नई कारें होंगी महंगी
1 जनवरी 2025 से नई गाड़ियां खरीदने पर ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी, हुंडई, महिंद्रा, मर्सिडीज-बेंज, होंडा, ऑडी समेत कई कंपनियों ने गाड़ियों की कीमत बढ़ाने की घोषणा की है।