श्री केशव रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला मंचन की तैयारियां पूरी, नए अंदाज में नजर आएंगे भाजपा सांसद मनोज तिवारी

नवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर में रामलीलाओं की तैयारियां जोरों पर हैं। दिल्ली में भी 3 अक्टूबर से रामलीला मंचन की शुरुआत हो रही है। पीतमपुरा के NSP रामलीला ग्राउंड में श्री केशव रामलीला कमेटी द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी भव्य रामलीला और दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
श्री केशव रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अशोक गोयल देवरहा ने बताया कि इस बार का आयोजन विशेष होने जा रहा है क्योंकि रामलीला मंच को दिल्ली के यशोभूमि सेंटर की तरह सजाया गया है, जबकि पिछली बार भारत मंडपम की थीम पर मंच सजाया गया था। यह मंच दर्शकों के लिए एक अद्वितीय अनुभव लेकर आएगा।

कमेटी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां प्रतिदिन सम्पूर्ण रामायण का मंचन किया जाता है। आजकल लोगों की व्यस्तता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि हर दिन भगवान श्रीराम की पूरी कथा का मंचन किया जाएगा, ताकि दर्शक एक ही दिन में सम्पूर्ण रामायण का आनंद ले सकें।
इस बार भी कई विशेष कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। 5 अक्टूबर को प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल, "जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे" फेम, अपने भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे। इसके साथ ही भाजपा सांसद मनोज तिवारी इस बार एक नए अंदाज में नजर आएंगे। वे "जन जन के राम" के रूप में कथा वाचक बनकर भगवान श्रीराम की कथा प्रस्तुत करेंगे। 9 अक्टूबर को डांडिया क्वीन शिवानी कश्यप अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
परिवार और बच्चों के लिए झूलों, फूड स्टॉल्स, और अन्य आकर्षक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। साथ ही, वाहनों के लिए पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि दर्शक इस महोत्सव का आनंद बिना किसी चिंता के ले सकें। श्री केशव रामलीला कमेटी सभी नागरिकों को इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करती है, ताकि वे भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद उठा सकें।