इस दिन लॉन्च होगा Axiom-4 मिशन, ISS जाने वाले दूसरे भारतीय होंगे शुभांशु शुक्ला

पूरे भारत के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण अब निकट आ चुका है। भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला आगामी 8 जून को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना होंगे और देश के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेंगे। यह मिशन नासा और एक्सियम स्पेस (Axiom Space) की साझेदारी में संचालित हो रहा है और इसका नाम है एक्सियम-4 (AX-4)।
पहले यह ऐतिहासिक अभियान 29 मई को निर्धारित किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते इसकी तिथि आगे बढ़ा दी गई। अब यह मिशन सभी तकनीकी चुनौतियों को पार करते हुए 8 जून को होने जा रहा है।
भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजकर 11 मिनट पर (फ्लोरिडा समयानुसार शाम 6 बजकर 41 मिनट), शुभांशु फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरिक्ष की ओर प्रस्थान करेंगे। उनके साथ इस मिशन में तीन अन्य अंतरिक्ष यात्री भी रहेंगे—अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज़्नान्स्की और हंगरी के तिबर कापू। यह दल करीब दो सप्ताह तक अंतरिक्ष स्टेशन पर रहेगा और वहां कई वैज्ञानिक परीक्षणों में भाग लेगा।

गौरतलब है कि यह मिशन पिछले 40 वर्षों में ऐसा पहला अवसर है जब कोई भारतीय नागरिक अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करेगा। इससे पहले 1984 में, राकेश शर्मा ने सोवियत मिशन के तहत यह उपलब्धि हासिल की थी। अब शुभांशु, नासा और इसरो के संयुक्त सहयोग से इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनकर भारत का नाम फिर से अंतरिक्ष में चमकाने जा रहे हैं।
मिशन के दौरान शुभांशु सात महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोगों में योगदान देंगे। इनमें अंतरिक्ष में फसल उगाने से जुड़े अध्ययन और टार्डिग्रेड्स (जिसे पानी के भालू कहा जाता है) पर विशेष शोध शामिल है। इसरो द्वारा भेजे गए प्रयोगों में खासतौर पर भारतीय खाद्य पदार्थों से जुड़ी फसलें जैसे मेथी और मटर पर अध्ययन किया जाएगा। अंतरिक्ष में इन पौधों के व्यवहार का निरीक्षण किया जाएगा और फिर उन्हें पृथ्वी पर लाकर यह परखा जाएगा कि वे यहां की मिट्टी में किस प्रकार वृद्धि करते हैं।