Movie prime

विशेष विमान से पटना लाया गया सुशील मोदी का पार्थिव शरीर, घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया

 

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी के पार्थिव शरीर को मंगलवार करीब 2.20 बजे दिल्ली से पटना एयरपोर्ट लाया गया। एयरपोर्ट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। फूलों से सजी पुलिस की गाड़ी में पार्थिव शरीर को उनके घर लाया गया है। घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है।

इसके बाद पार्थिव शरीर को बीजेपी ऑफिस ले जाया जाएगा। यहां से विधान परिषद में भी अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। फिर दीघा घाट पर करीब साढ़े 5 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार में शामिल होने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शाम 4 बजे पटना पहुंचेंगे।

बता दें कि सुशील मोदी पिछले कुछ महीनों से गले के दर्द से परेशान थे। उन्होंने दिल्ली एम्स में जब जांच कराई तो पता चला कि उन्हें गले का कैंसर है। इसके बाद उन्होंने खुद सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी थी। सुशील मोदी द्वारा इसकी जानकारी देने के करीब डढ़े महीने बाद ही उनका निधन हो गया। दिल्ली एम्स में सोमवार की रात इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था।

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के निधन से पूरे बिहार में शोक की लहर है। उनके निधन के बाद  बीजेपी ने आज के सारे कार्यक्रम को रद्द कर दिया है। पूर्वी चंपारण बीजेपी कार्यालय में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमे बीजेपी के तमाम नेता मौजूद रहे। पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने सुशील मोदी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत सुशील मोदी के करीबी रहे राधामोहन सिंह ने इसे व्यक्तिगत क्षति करार देते हुए कहा कि सुशील मोदी ने बिहार में उपमुख्यमंत्री रहते हुए बेहतर काम किया है। वह एक कुशल संगठनकर्ता और अच्छे वक्ता थे। राज्यसभा में रहते उन्होंने आर्थिक पहलुओं  पर हमेशा चर्चा करते थे जो उनकी जिज्ञासा को दर्शाता था।