Movie prime

पटना जिला परिषद की अध्यक्ष बनी अंजू देवी, पूर्व अध्यक्ष ने चुनाव का बहिष्कार कर लगाया गंभीर आरोप

 

पटना जिला परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को वोटिंग हुई। इस दौरान अंजू देवी ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीत लिया। इस बार दो उम्मीदवार अंजू देवी और रेहाना प्रवीण के बीच मुकाबला था। अंजू देवी को 33 वोट मिले हैं। वहीं, रेहाना को 5 मत प्राप्त हुए। एक वोट इन वैलिड रहा। तीन सदस्य अनुपस्थित रहे और दो ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया।

इधर, पूर्व अध्यक्ष कुमारी स्तुति गुप्ता ने धांधली का आरोप लगा चुनाव का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने गलत तरीके से चुनाव कराने का आरोप लगाया है। स्तुति गुप्ता ने कहा- राजद के लोग परिषद के सदस्यों पर दबाव बना रहे हैं। चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से नहीं हो रहा है। वहीं, कुल 39 जिप सदस्य हैं। कुमारी स्तुति गुप्ता इस बार उम्मीदवार नहीं हैं। चुनाव से पहले ही विवाद शुरू हो गया था। मंगलवार की रात जिला परिषद सदस्य कुमार नवनीत हिमांशु ने कुछ जिप सदस्यों का अपहरण करने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई।

जिला परिषद सदस्य कुमार नवनीत हिमांशु ने पूर्व जिप अध्यक्ष सह उम्मीदवार अंजू देवी गुट के मसौढ़ी की राजद विधायक रेखा देवी और राजद प्रवक्ता शक्ति यादव पर जिप सदस्यों का अपहरण करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सचिवालय थाने में लिखित शिकायत की है। आवेदन में कुमार नवनीत ने लिखा है कि निवर्तमान अध्यक्ष कुमारी स्तुति के पक्ष में मतदान करने से रोकने के लिए जिला परिषद सदस्यों संजय चौधरी, कमल किशोर, विजय राम, रेखा देवी, रमेश चौधरी को बंधक बनाया गया है।

इसका आरोप नवनीत हिमांशु ने विधायक रेखा देवी, जिला परिषद सदस्य सर्वेश यादव, चक बैरिया निवासी धीरज कुमार चौहान उर्फ मंटू चौहान, पूर्व अध्यक्ष अंजू देवी के पति रजनीश, ससुर महेश चंद्रवंशी, राकेश कुमार चंद्रवंशी उर्फ छोटू कुमार पर लगाया है। नवनीत का यह भी आरोप है कि राजद प्रवक्ता शक्ति यादव के आर ब्लॉक स्थित आवास पर परिषद सदस्यों को कब्जे में रखने के बाद दूसरी जगह पर ले जाया गया है। इधर, पूर्व जिप अध्यक्ष सह उम्मीदवार अंजू देवी ने कहा- जो आरोप लगाया गया है, वो गलत है।

वहीं, राजद प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा- यह आरोप पूरी तरह से गलत है। पुलिस मामले की जांच करे। जिला परिषद के चुनाव से मुझे कोई मतलब नहीं है। इस आरोप से हमारी प्रतिष्ठा का हनन हुआ है। हम मानहानि का मामला दर्ज कराएंगे।