Movie prime

बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति बने अवधेश नारायण सिंह, संसदीय कार्य विभाग ने जारी किया नोटिफिकेशन

 

बीजेपी के सीनियर नेता अवधेश नारायण सिंह को बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति बनाया गया है। इसको लेकर गुरुवार की शाम राज्यपाल की ओर से नोटिफिकेशन जारी किया गया है।

विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर के सांसद बनने से पद खाली हुआ था। अवधेश नारायण सिंह को कार्यकारी सभापति बनाए जाने के बाद उम्मीद है कि सत्र के समय इन्हें ही सभापति बना दिया जाए। हालांकि इस पद के लिए कई नामों की चर्चा है।

अवधेश नारायण सिंह बीजेपी के उन नेताओं में से हैं, जिनके संबंध मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से काफी बेहतर रहे हैं। वे बीजेपी से एमएलसी हैं। 2023 में हुए एमएलसी के चुनाव में उन्होंने गया स्नातक क्षेत्र से आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के बेटे पुनीत सिंह को हराया था। अवधेश नारायण सिंह छठी बार एमएलसी का चुनाव जीते हैं।

वे पहली बार रांची से स्नातक विधान परिषद से चुनाव मैदान में उतरे थे और जीते थे। इसके बाद गया स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े और लगातार जीतते रहे। बिहार विधान परिषद के उपसभापति और सभापति के पद पर रह चुके हैं। 22 जून 1948 को जन्मे अवधेश नारायण सिंह बीजेपी में सॉफ्ट नेचर वाले नेता हैं। 1993 से लगातार बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं।

2012 से 2017 तक बिहार विधान परिषद के सभापति रहे हैं। 2020 से 2022 तक उच्च सदन के कार्यकारी सभापति रहे हैं। बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।