Movie prime

Big Breaking : लोकसभा चुनाव से पूर्व सीता सोरेन ने छोड़ा JMM का दामन

 

इस वक़्त की बड़ी खबर झारखंड की राजनीति से आ रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहु और जामा विधायक सीता सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि, पूर्व जामा विधायक किस पार्टी में शामिल होंगी, लेकिन उनके इस्तीफे की बात स्पष्ट है। विदित हो कि, सीता सोरेन पिछले कुछ महीनों से पार्टी से नाराज़ चल रही थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीता सोरेन ने मेल के माध्यम से शिबू सोरेन को अपना इस्तीफा दिया।  

लोकसभा चुनाव से पूर्व सीता सोरेन ने छोड़ा JMM का दामन 

गौरतलब है कि झारखंड में लोकसभा और विधानसभा चुनाव नजदीक है ऐसे में सीता सोरेन के इस्तीफे से झारखंड का सियासी पारा बढ़ गया है। जिस दिन से हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी हुई है, उस दिन से सीता सोरेन के तेवर बदले-बदले नजर आ रहे हैं। चंपाई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान भी वह पार्टी से नाराज चल रही थीं। मंत्रीपद नहीं मिलने से भी वह नाखुश थीं। हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन का नाम सीएम पद के लिए सामने आने पर उन्होंने इसका खुलकर विरोध किया था। उस वक्त दुमका विधायक बसंत सोरेन ने उनको मनाया था और शपथ ग्रहण कार्यक्रम में लेकर गये थे। कई बार पार्टी के खिलाफ सीता सोरेन ने मोर्चा खोला है। कयास लगाए जा रहे हैं कि, JMM से इस्तीफा देने के बाद सीता सोरेन भाजपा में शामिल होंगी। सूत्रों के हवाले से जो खबर सामने आ रही है, उसके अनुसार सीता सोरेन आज भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगी