Movie prime

BSP प्रत्याशी गिरफ्तार, बिना अनुमति के प्रचार करने पर प्रशासन ने की कार्रवाई, गाड़ी को भी किया गया जब्त

 

बिहार के गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी को पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। बसपा प्रत्याशी सुजीत राम पर आरोप है कि उन्होंने तय रूट का उल्लंघन कर रैली के लिए तय समय और स्थान से हटकर दूसरे गांवों में प्रचार किया। इसके अलावा बसपा प्रत्याशी सुजीत राम पर प्रचार वाहन के लिए अनुमति नहीं लेने का भी आरोप है।

बताया जा रहा है कि स्थानीय पुलिस-प्रशासन जैसे ही आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी मिली, त्वरित कार्रवाई करते हुए बसपा प्रत्याशी सुजीत राम को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने बिना अनुमति के प्रचार में इस्तेमाल किए गए प्रचार वाहन को भी जब्त कर लिया। साथ ही बसपा प्रत्याशी के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में जिला पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन बसपा प्रत्याशी सुजीत राम ने रैली और जुलूस निकालने की अनुमति मांगी थी। प्रशासन ने बसपा प्रत्याशी को भगवानपुर से चनावे, थावे गोपालगंज होते हुए भड़कुइया कोइनी, बरौली से धर्मपरसा तक रैली करने की अनुमति दी थी। रैली का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक था, लेकिन उन्होंने तय रूट को दरकिनार कर कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र के दूसरे गांव में जाकर प्रचार शुरू कर दिया। साथ ही, प्रचार के लिए जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया, उसके पास जरूरी अनुमति नहीं थी।