Movie prime

थम गया पांचवें चरण के चुनाव का प्रचार, ये हैं पांचवें चरण की चर्चित सीटें

देश में लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व जारी है। साथ ही, चार चरणों का मतदान संपन्न हो गया है। वहीं आगामी 20 मई को पांचवें चरण का मतदान होना है। ऐसे में आज लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिये चुनाव प्रचार थम जायेगा। गौरतलब है कि, पांचवें चरण में आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर मतदान होगा | इन राज्यों से 695 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं |

पांचवें चरण की चर्चित सीटें

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट इस चुनाव में चर्चित सीट बनी हुई है| यहां से भाजपा की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चुनाव लड़ रहे हैं | सपा ने भाजपा नेता के खिलाफ रविदास मेहरोत्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है | मंत्री रह चुके मेहरोत्रा वर्तमान में लखनऊ मध्य विधानसभा सीट से सपा विधायक हैं। बसपा ने लखनऊ में सरवर मलिक को अपना उम्मीदवार बनाया है 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी से राजनाथ सिंह ने यह सीट जीती थी | 2019 में लखनऊ सीट पर 54.78% वोटिंग दर्ज की गई थी |

रायबरेली : रायबरेली लोकसभा सीट उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक है | यह राज्य की एकमात्र सीट है जहां 2019 में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। तब सोनिया गांधी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। सोनिया अब राज्यसभा के लिए चुनी गई हैं। लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस ने राहुल गांधी को रायबरेली से मैदान में उतारा है | भाजपा ने यहां दिनेश प्रताप सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है | एमएलसी दिनेश प्रताप वर्तमान में योगी सरकार में मंत्री हैं। 2019 में कांग्रेस की सोनिया गांधी ने रायबरेली सीट पर भाजपा के दिनेश प्रताप को हराया | पिछले चुनाव में यहां 54.08% वोटिंग हुई थी |

अमेठी : केंद्रीय मंत्री और मौजूदा अमेठी सांसद स्मृति ईरानी एक बार फिर यहां से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं | वहीं नामांकन के आखिरी दिन कांग्रेस ने गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया | बसपा ने यहां नन्हे सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार बनाया है | 2019 में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी ने तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को हराया था | पिछले चुनाव में यहां 54.08 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था |

हाजीपुर : बिहार की हाजीपुर लोकसभा सीट इस चुनाव की चर्चित सीटों में से एक है | यहां से एनडीए की ओर से एलजेपी (आर) के चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं | हाजीपुर सीट पर राजद ने शिवचंद्र राम को टिकट दिया है | शिवचंद्र विधायक और बिहार सरकार में मंत्री रह चुके हैं | 2019 के लोकसभा चुनाव में हाजीपुर सीट पर एलजेपी के पशुपति पारस ने जीत हासिल की थी | पिछले चुनाव में यहां 55.26 फीसदी वोटिंग हुई थी |

बारामूला : कश्मीर की घाटियों में भले ही पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही हो, लेकिन यहां का सियासी पारा गर्म है | कश्मीर की बारामूला सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ रहे हैं, जिससे यह सीट खास हो गई है | उमर का मुकाबला महबूबा मुफ्ती की पार्टी पीडीपी से फैयाज अहमद से है | पिछले चुनाव में यह सीट नेशनल कॉन्फ्रेंस के अकबर लोन ने जीती थी | 2019 के चुनाव में यहां 34.6% वोटिंग दर्ज की गई थी |