Movie prime

स्कूल खुलते ही बीमार पढ़ने लगे बच्चे, किसी की नाक से निकला खून, कोई खाट पर पहुंचा अस्पताल

 

बिहार में एक बार फिर से प्रचंड गर्मी कहर बरपा रही है। भीषण गर्मी के कारण शेखपुरा के बरबीघा में तीन स्कूलों के कई बच्चे बेहोश हो गए। इस घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और बच्चों के परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बेहोश हुए सभी बच्चों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पटना के बिहटा में एक, बांका में 5 और बक्सर में एक छात्रा की तबीयत खराब हो गई।

बक्सर में स्कूली छात्रा को खाट पर अस्पताल ले जाया गया। वहीं बिहटा में छात्रा की नाक से खून निकलने लगा। इन सभी जिलों में पारा 40 डिग्री के पार है।

बिहार के 5 जिलों में बच्चों की बिगड़ी तबीयत

शेखपुरा- शेखपुरा आज से गर्मी छुट्टी के बाद सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हुई है। जिले में आज अलग अलग स्कूलों में 6 बच्चों की तबीयत खराब हो गई। जिले का पारा 45 के करीब है।

पटना- राजधानी से सटे बिहटा में भी आज से सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हुई। बच्चे स्कूल पहुंचे। थोड़ी देर क्लास चलने के बाद एक छात्रा की तबीयत बिगड़ गई। उसकी नाक से खून बहने लगा।

छपरा-छपरा में भी आज स्कूल खुले। उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहरी छपरा सदर में गर्मी के चलते क्लास में ही बच्चे बेहोश होने लगे। शुरुआत में तो बच्चों को स्कूल में ही इलाज किया गया फिर कुछ को अस्पताल भेजा गया है।

बक्सर- कन्या मध्य विद्यालय एकौनी में पढ़ाई के दौरान एक छात्रा गर्मी की वजह से बेहोश होकर गिर पड़ी। गांव वालों ने एंबुलेंस बुलाई और उसे अस्पताल ले गए। सरकारी अस्पताल में छात्रा का इलाज जारी है।

बांका- यहां भी आज स्कूल खुले। भीषण गर्मी के चलते 5 बच्चों की तबीयत बिगड़ी है।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार राय ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। मध्य विद्यालय उखदी की 8वीं की छात्रा प्रीति कुमार, तीसरी कक्षा का छात्र सतपाल कुमार और छठी कक्षा का सचिन बेहोश हो गया था। वहीं कन्या मध्य विद्यालय सर्वा की 8वीं की छात्रा प्रियंका और छठी क्लास की छात्रा मुस्कान बेहोश हो गए थे। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी खतरे से बाहर हैं। 

बता दें कि बिहार के मौसम में बदलाव के बाद बीते 6 जून को शिक्षा विभाग ने स्कूलों का टाइम टेबल बदल दिया थी। शिक्षा विभाग ने 10 जून से 30 जून तक सभी सरकारी स्कूलों का संचालन सुबह 6:30 से 10:50 बजे बजे तक करने का निर्देश दिया था। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर पूरा शेड्यूल जारी किया था और आज जैसे ही स्कूल खुले गर्मी के कारण बच्चों के बेहोश होने की खबरें आने लगीं।