Movie prime

महागठबंधन में पलामू लोकसभा सीट को लेकर रार

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हालांकि झारखंड में अब तक सीट शेयरिंग को लेकर संशय बना हुआ है। दरअसल, राज्य में कांग्रेस और राजद के बीच पलामू लोकसभा सीट को लेकर मामला अब भी अटका हुआ है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस द्वारा सीट शेयरिंग को लेकर ऐलान नहीं किये जाने का एक कारण यह भी है। पलामू सीट पर राजद अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। वहीं दूसरी तरफ यह सीट कांग्रेस के खाते में आयी है। 

विदित हो कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर कल रांची पहुंचे। उन्हें प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा हेतु दिल्ली बुलाया गया था। दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व ने सीट को लेकर चर्चा की है। झारखंड में कांग्रेस के हिस्से 14 में से सात सीटें आई है। सात में से दो सीटों पर कांग्रेस ने चुनाव के उम्मीदवार का ऐलान कर दिया लेकिन पांच सीटों पर अब भी सहमति बनी नहीं है। पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी गई है। वहीं दिल्ली से वापस लौटे राजेश ठाकुर ने कहा- हमारे हिस्से में सात सीटें आई है। कांग्रेस अपने हिस्से से किसी को सीट नहीं देने जा रही है। उम्मीदवारों के नाम भेजे गए हैं इस मामले में अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व को लेना है। इस सीट पर मामला फंसा है क्योंकि कांग्रेस पलामू से अपना उम्मीदवार उतारना चाहती है जबकि राजद इस सीट पर पहले से दावा कर रहा है। राजद विधायक सत्यानंद भोक्ता ने इस सीट से ममता भुईंया के नाम का ऐलान कर दिया है।

कांग्रेस तीन दिनों के बाद लेगी फैसला
कांग्रेस ने पलामू सहित बाकी बची सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम की संभावित लिस्ट केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दी है। तीन दिनों के बाद इस पर बैठक होने की संभावना है। इसी बैठक में पार्टी अंतिम निर्णय लेगी। यह पहली बार नहीं है जब राजद इन दोनों सीटों पर दावा कर रहा है। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में राजद इन दोनों सीटों पर दावेदारी के लिए अड़ा रहा।

जीत का बड़ा अंतर रहा है
पलामू लोकसभा सीट हमेशा प्रतिष्ठा की सीट रही है। भाजपा ने इस सीट पर सेंध लगा दी और 1999 के बाद 2014 में इस सीट पर जीत हासिल की। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम ने राजद को 2 लाख 63 हजार 942 वोट के बड़े अंतर से हराकर कब्जा जमाया था। यह जीत का अंतर बड़ा था।

पलामू और चतरा राजद का अधिकार
सत्यानंद भोक्ता इस सीट पर दावेदारी पेश करते हुए कहा- राष्ट्रीय जनता दल का यह अधिकार है। अधिकार मांगने में कोई परेशानी नहीं है। झारखंड की दो लोकसभा सीट हर हाल में राजद को मिले. राजद दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश और राज्य में चुनाव आता है, तो बीजेपी झूठे वादे व झूठे भाषण से जनता को गुमराह करती है। भोक्ता ने इन दोनों सीटों पर भुईंया और भोक्ता वोट बैंक का गणित भी पार्टी को समझाया है और जीत का दावा किया है।