Movie prime

पंजाब : लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका, राहुल गांधी के करीबी नेता ने थामा भाजपा का दामन

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने भाजपा का दामन थाम लिया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के महासचिव विनोद तावड़े ने रवनीत बिट्टू को भाजपा की सदस्यता दिलाई। गौरतलब है कि, रवनीत बिट्टू की गिनती कांग्रेस नेता राहुल गाँधी के करीबियों में होती थी। इसके अलावा पंजाब की राजनीति में बिट्टू एक बड़ा नाम हैं। ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर कई तरह की अटकलें लगायी जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा इसे अपनी बड़ी उपलब्धि बता रही है और उनके नेताओं का मानना है कि शिरोमणि अकाली दल से अलग होने के बाद जिन सीटों पर पार्टी की पैठ नहीं थी, अब उन सीटों पर भी पार्टी जोरदार लड़ाई देगी।

ज्ञातव्य हो कि, इससे पहले कांग्रेस की ही मौजूदा सांसद परनीत कौर भाजपा में शामिल हुई थीं जिनको पटियाला से उतारने की पार्टी पूरी तैयारी कर रही है। इसी तरह होशियारपुर जिले की चब्बेवाल सीट से पार्टी के विधायक डॉ राजकुमार चब्बेवाल आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए और वह इस समय होशियारपुर सीट से प्रबल दावेदार हैं।

तीन बार रहे चुके सांसद रवनीत सिंह बिट्टू
रवनीत बिट्टू कांग्रेस का पंजाब में बड़ा चेहरा थे। वह तीन बार सांसद रह चुके हैं और 2024 में अगर उन्हें भाजपा की ओर से टिकट मिलती है तो वह चौथी बार हाथ आजमाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जिनकी आतंकवाद को खत्म की लड़ाई में जान गई, रवनीत बिट्टू उनके पोते हैं। बिट्टू इस समय लोकसभा में पार्टी के उपनेता भी रहे हैं। तीन खेती कानूनों को लेकर जो आंदोलन चला, वह उसको लेकर लोकसभा में काफी विरोध करते रहे हैं और उस पर हुई बहस में हिस्सा भी लेते रहे हैं लेकिन आंदोलन के दौरान ही जब गर्मदलीय लोग आंदोलन पर भारी पड़ते नजर आए तो उन्होंने उनके खिलाफ भी बयान दागे।