Movie prime

लोकसभा चुनाव 2024 : चार प्रत्याशी आज करेंगे शक्ति प्रदर्शन, मनीष जायसवाल, जेपी पटेल समेत ये उम्मीदवार भरेंगे नामांकन पर्चा

झारखंड के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से आज भाजपा प्रत्याशी मनीष जायसवाल आज नामांकन पर्चा दाखिल करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, दीपक प्रकाश समेत गठबंधन के अन्य नेता उपस्थित रहेंगे। मनीष जायसवाल ने बताया कि नामांकन कार्यक्रम से पूर्व कर्जन ग्राउंड में नामांकन सह आशीर्वाद सभा का आयोजन किया जायेगा। आशीर्वाद सभा में  हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र हजारीबाग सदर, बड़कागांव, मांडू, बरही व रामगढ़ से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता यहां जनसभा में शामिल होंगे। जनसभा के बाद सांसद प्रत्याशी मनीष जायसवाल नामांकन दाखिल करने हजारीबाग समाहरणालय पहुंचेंगे।

वहीं हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से आज कांग्रेस के मांडू विधायक जय प्रकाश भाई पटेल भी नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान मांडू विधायक के साथ राज्य के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय नेता उपस्थित रहेंगे। वहीं नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही जय प्रकाश भाई पटेल सहित अन्य नेता जिला स्कूल में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। 

वहीं धनबाद लोकसभा सीट से आज महागठबंधन सह कांग्रेस की प्रत्याशी अनुपमा सिंह अपना नामांकन दाखिल करेंगी। दोपहर एक बजे अनुपमा उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगी। नामांकन के बाद अपराह्न तीन बजे से धनबाद स्थित गोल्फ ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, कल्पना सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई मंत्री व नेता होंगे शामिल होंगे। उक्त कार्यक्रम में इंडिया महागठबंधन के सभी घटक दलों से भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे। 

इसके अलावा आज जेबीकेएस के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो भी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से नामांकन पर्चा भरेंगे। वहीं नामांकन पर्चा भरने के बाद वह एक बजे दिन को चास के जेल मोड़ कमलडीह के मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

News Hub