Movie prime

राजद-कांग्रेस के बागी विधायकों को नीतीश सरकार ने किया सेट, 20 सूत्री समिति में मिली जगह

 

बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद नीतीश सरकार ने महागठबंधन के बागी विधायकों को भी सेट कर दिया है. राज्य की एनडीए सरकार ने शनिवार को 20 सूत्री समिति का गठन किया है. इसमें महागठबंधन से पाला बदलकर एनडीए में आए आरजेडी एवं कांग्रेस के विधायकों को जगह दी गई है. राज्य स्तरीय कार्यान्वन कार्यक्रम समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बनाए गए हैं. वहीं, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी इसके कार्यकारी अध्यक्ष होंगे. इसमें विधायक चेतन आनंद, नीलम देवी, प्रह्लाद यादव, मुरारी गौतम, संगीता कुमारी, सिद्धार्थ सौरव और भरत बिंद को सदस्य बनाया गया है। ये सभी हाल ही में महागठबंधन छोड़कर एनडीए में आए थे.

20 सूत्री कार्यान्वयन समिति का उपाध्यक्ष उमेश कुशवाहा और ललन मंडल को नियुक्त किया गया है। एक अध्यक्ष, एक कार्यकारी अध्यक्ष और दो उपाध्यक्ष के अलावा इस समिति में 11 सदस्य बनाए गए हैं। इनमें जगन्नाथ ठाकुर, राजेश वर्मा, भारती मेहता और चंदन सिंह का नाम भी शामिल है। 20 सूत्री समिति के दोनों उपाध्यक्षकों एवं सभी सदस्यों को राज्य के उप मंत्री का दर्जा दिया गया है। इनमें से जो विधायक और एमएलसी हैं, उन्हें वेतन, भत्ता आदि सुविधाएं पहले की तरह मिलती रहेंगी। इसके अलावा जो सुविधाएं होंगी, वो भी सरकार से मिलेंगी।

मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने शनिवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। इसमें कहा गया है कि 20 सूत्री समिति के अन्य रिक्त पदों पर नियुक्तियां बाद में की जाएंगी। बता दें कि शनिवार को ही सरकार ने नए मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा किया। शुक्रवार को बीजेपी से 12 और जेडीयू से 9 नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण हुआ था। इसके एक दिन बाद सभी को विभाग भी बांट दिए गए।