Movie prime

प्रशांत किशोर ने किया बड़ा दावा, बोले- विधानसभा चुनाव में NDA और I.N.D.I.A का सफाया हो जाएगा

 

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 2 अक्टूबर को जन सुराज दल में परिवर्ति हो जाएगा। जन सुराज अभियान के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम लिखकर दे रहे हैं कि विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता इंडिया और एनडीए दोनों का सफाया कर देगी।

प्रशांत किशोर ने दावा करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा में आपकी मदद से 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। याद रखिए 243, लोग कह रहे हैं कि भैया गठबंधन किससे होगा। किसका वोट काटिएगा.. बहुत लोग आंकड़ा लिख रहा है इंडिया और एनडीए में किसका वोट काटेंगे, तो हम लिखकर दे रहे हैं कि न इंडिया का वोट कटेगा न ही एनडीए का। बिहार की जनता दोनों को साफ कर देगी। साथ ही 2 अक्टूबर को इस जन सुराज अभियान को दल में परिवर्तित करेंगे।

प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर बिहार को सुधारना है तो प्रयास आप कीजिए या हम करेंगे, प्रयास आज हो या 20 साल के बाद हो। करना तो किसी न किसी बिहार के आदमी को ही होगा। कोई तमिलनाडु या पंजाब से आने वाला नहीं है। यहां जो पैसे वाले लोग हैं। सोच रहे हैं कि हमको क्या दिक्कत है। हमारा लड़का तो बेंगलुरू में पढ़ ही रहा है। वहीं नौकरी बढ़िया करेगा।

पीके ने कहा कि जहाज डूबेगा तो उसमें बैठा हर आदमी डूबेगा। उसमें अगड़े भी डूबेंगे, उसमें पिछड़े भी डूबेंगे, उसमें गरीब भी मरेगा, पैसे वाले भी मरेंगे। इसलिए जो पैसेवाले हैं, कोई क्षमता है, बुद्धिजीवी है, उनकी ज्यादा जिम्मदारी है बिहार को डूबने से बचाने की। इसीलिए ये अभियान चला रहे।