राजद के इस विधायक ने मां दुर्गा को बताया काल्पनिक, कहा- यह मनगढ़ंत कहानी है, खुद को बताया महिषासुर का वंशज

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी से आरजेडी विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा को लेकर आपत्तिजनक बयान दे दिया है. आरजेडी विधायक ने कहा कि देवी मां दुर्गा जैसी कोई चीज नहीं थी. इतना ही नहीं उन्होंने खुद को महिषासुर का वंशज बताया और कहा कि महिषासुर उनके पूर्वज थे। लिहाजा अब राजद विधायक के खिलाफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. यहां लोगों ने उनका पुतला फूंका और विधायक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की.
आपको बता दें कि डेहरी से आरजेडी विधायक फतेह बहादुर सिंह ने मां दुर्गा को काल्पनिक बता दिया और कहा कि यह मनगढ़ंत कहानी है. वे इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि अगर देवी दुर्गा का अस्तित्व था तो ब्रिटिश हुकूमत के समय उन्होंने क्यों नहीं आकर भारत को बचा लिया। अगर वह तीनों लोक की देवी थीं तो क्या भारत में ही तीनों लोक हैं. उन्होंने दुर्गा पूजा जैसे आयोजन को फिजूल खर्ची बताया. आरजेडी नेता ने यह भी कहा कि वाल्मीकि रामायण के अनुसार गौतम बुद्ध पहले आए और राम बाद में आए. उन्होंने देवी दुर्गा और भगवान शिव के संबंध पर भी आपत्ति दर्ज किया.
उन्होंने कहा कि एक तरफ हिंदू शास्त्रों में बताया जाता है कि भगवान शंकर ने अन्य देवताओं के साथ आह्वान कर देवी दुर्गा की उत्पत्ति की. एक तरह से भगवान शिव ने देवी दुर्गा का आविष्कार किया तो इस रिश्ते से देवी दुर्गा भगवान शिव की पुत्री हुई. वहीं दूसरी ओर देवी दुर्गा को महागौरी के नाम से भी बुलाया जाता है. ऐसे में गौरी भगवान शिव की पत्नी थी, तो क्या भगवान शिव ने अपनी पुत्री से विवाह कर लिया था?