Movie prime

विजय सिन्हा बोले- यह पाकिस्तान नहीं हिंदुस्तान है, कानून नहीं मानने वालों की गिरफ्तारी होगी

 

वक्फ संशोधन बिल पर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि यह पाकिस्तान नहीं, हिंदुस्तान है। यहां संविधान का शासन चलता है। पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार में कानून का पालन अनिवार्य है, जो लोग संसद में पास हुए कानून को नहीं मानेंगे, वे देशद्रोही हैं। ऐसे लोगों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए।

विजय सिन्हा ने आगे कहा कि, 'जो संविधान और संसद में पारित कानून को नहीं मानेगा, उसे जेल जाना होगा। संविधान एक संवैधानिक संस्था है। उसका सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है। संसद में बहस के बाद कानून पारित होता है। इसके बावजूद यदि कोई संस्था या व्यक्ति उस पर भरोसा नहीं करता तो वह राष्ट्रहित में नहीं हो सकता है।

उन्होंने विरोध करने वालों को भ्रष्टाचारी बताते हुए कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई की जानी चाहिए। बेटा-बाप से बगावत कर रहा है। खुद लालू यादव ने ऐसे कड़े कानून की मांग की थी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि, "नई नीति के तहत पुल-पुलिया और सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, ओवरलोडिंग पर भी पूरी तरह रोक लगी है। लखीसराय ने राजस्व वसूली में पहला स्थान हासिल किया है। जबकि, शेखपुरा दूसरे स्थान पर रहा। अरवल, औरंगाबाद और पटना में राजस्व वसूली कम रही है, इन जिलों की जांच होगी।"

विजय सिन्हा ने कहा कि अब माफिया का संरक्षण खत्म हो गया है। एनडीए सरकार में माफिया व्यापारी बन रहे हैं और रोजगार भी दे रहे हैं, जबकि राजद-कांग्रेस के समय में उन्हें संरक्षण मिलता था।