Movie prime

गया जी में ग्रामीण चिकित्सक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा, जानिये पूरा मामला

बिहार के गया जी जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां कुछ लोगों ने एक ग्रामीण डॉक्टर को उसके घर से जबरन घसीटकर बाहर निकाला और एक पेड़ से बांधकर बुरी तरह पीटा। घटना को लेकर दो अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। डॉक्टर के परिवार का आरोप है कि यह हमला 2021 में उनकी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले से जुड़ा हुआ है, जबकि पुलिस ने इसे एक पुराने विवाद से जुड़ी घटना बताया है।

परिवार का आरोप: दुष्कर्म पीड़िता का साथ देना पड़ा भारी
पीड़ित डॉक्टर के परिजनों ने बताया कि वर्ष 2021 में 15 साल की नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी, जिसमें तीन लोगों को आरोपी बनाया गया था। तब से आरोपी पक्ष लगातार केस वापस लेने का दबाव बना रहा था। डॉक्टर पर सिर्फ इसलिए हमला किया गया क्योंकि वह पीड़ित परिवार के पक्ष में खड़ा था और उन्हें न्याय दिलाने में मदद कर रहा था।

SDPO का बयान: दो महिलाओं के विवाद से जुड़ा मामला
वजीरगंज के एसडीपीओ सुनील कुमार पांडे ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह मामला दुष्कर्म से जुड़ा नहीं है, बल्कि दो महिलाओं के बीच हुए पुराने झगड़े से संबंधित है। डॉक्टर पर इसीलिए हमला हुआ क्योंकि आरोपित पक्ष को शक था कि उसी की वजह से उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ।

हमले के दौरान जब डॉक्टर को पेड़ से बांधकर लाठी, डंडों और रॉड से पीटा जा रहा था, तब परिवार की एक छोटी बच्ची ने साहस दिखाया। वह दौड़ती हुई गांव से बाहर सड़क तक पहुंची और पुलिस वाहन को देखकर मदद की गुहार लगाई। पुलिस के आने की खबर मिलते ही हमलावर मौके से भाग निकले।

डॉक्टर की हालत गंभीर, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को फतेहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल इस घटना में पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिली है और किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

गुरपा थाने के प्रभारी विनय कुमार ने पुष्टि की है कि एक ग्रामीण चिकित्सक को पेड़ से बांधकर पीटे जाने की घटना घटी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है और मामले की जांच की जा रही है।