Movie prime

Bihar: कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन का घर चोरों के निशाने पर?..... लगातार दूसरी बार हुई चोरी

बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं. सरकार का इन पर कोई नियंत्रण नहीं है. लोग खुद को घरों में भी सुरक्षित नहीं समझते. 
 

बिहार में आये दिन होने वाली चोरी और लूट की घटनाओं ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। बावजूद इसके कि इन घटनाओं पर प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर है, राज्य में कुहराम मचा हुआ है। अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ा हुआ है कि आम नागिरक के बाद अब विधायक और मंत्रियों के घर भी सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला राजधानी पटना के हवाई अड्डा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। बता दें, यह दूसरी बार है जब प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के घर में चोरी हुई है। इस वक्त मदन मोहन झा खुद दिल्ली में हैं। इस घटना की जानकारी उनके बेटे माधव झा ने दी है। 

कांग्रेस अध्यक्ष फिलहाल राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हैं। वारदात के दौरान घर में उनकी पत्नी और बेटे मौजूद थे। बेटे ने बताया कि सुबह होने पर उन्‍हें चोरी की जानकारी हुई। चोर खिड़की के रास्‍ते कमरे में दाखिल हुए और करीब दो लाख रुपये नगद के अलावा अन्य कीमती सामान ले गए। मदन मोहन झा के बेटे का कहना है कि जिस कमरे में उनके पिता रहते थे, उसी कमरे में चोरी हुई है। उनके मुताबिक रात 12 बजे के बाद और सुबह 4 बजे से पहले इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस घर में रहने वालों के साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना की बाबत जानकारी लेने में जुटी है। इस मामले में अब तक 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

गौरतलब है कि बीते माह चोरी की ऐसी ही एक घटना दरभंगा जिले से सामने आई थी। मदन मोहन झा के दरभंगा वाले घर से करीब 10 लाख रुपये और जेवर की चोरी की गई थी। कांग्रेस अध्यक्ष के किरायेदार शंभू झा के घर से चोरों ने ताला तोड़कर सोना-चांदी, हीरे के जेवर और कपड़ा समेत करीब 1 लाख नकद चुरा लिया था। मदन मोहन झा ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उस समय कहा था कि बिहार में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। सरकार का इन पर कोई नियंत्रण नहीं है। लोग खुद को घरों में भी सुरक्षित नहीं समझते। चोरी की ऐसी घटनाएं सरकार की नाकामी और लापरवाही की बानगी है। मालूम हो कि इस बीच कई विधायकों और मंत्रियों के घर चोरों के निशाने पर आए हैं। भाजपा के पूर्व मंत्री प्रेम कुमार और जदयू विधायक शालिनी मिश्रा इनमें से एक हैं। 

सरकार ने किया ऐलान, बिहार में NITI Aayog की तर्ज पर होगी जिलों की रैंकिंग- https://newshaat.com/bihar-local-news/government-announced-the-ranking-of-districts-in-bihar-will/cid5367082.htm