Jamui: पूजा कर लौट रहे कांवरियों से भरी बस पेड़ से टकरायी, 5 की हालत नाजुक

देवघर और बासुकीनाथ से पूजा कर लौट रहे कांवरियों से भरी बस पेड़ से टकरा गयी। इस हादसे में सवार 46 कांवरिये घायल हो गये। वहीं पांच लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार जमुई सदर अस्पताल के बाद पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया है। कांवरियों ने बताया कि देर रात को हमलोग देवघर में आराम करके सुबह तीन बजे यात्रा शुरू की। एकडरा मोड़ के पास चालक को नींद आ गयी। बस असंतुलित होकर सड़क के किनारे पेड़ से टकरा गयी। बस में सवार सभी कांवरिये छपरा बनियापुर थाना क्षेत्र के कड़ी बाजार और सोहन बाजार के हैं। ये लोग देवघर, बासुकीनाथ और बंगाल के तारापीठ में पूजा-अर्चना के बाद राजगीर जा रहे थे। इसी दौरान झाझा गिद्धौर मुख्य मार्ग एनएच-333 पर एकडारा चौक के पास घटना हुई।
हादसे के बाद बस चालक फरार
दुर्घटना की जानकारी झाझा थाने की पुलिस को दी गयी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पहले रेफरल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल भगवान सिंह, कृष्णा सिंह और मंजू देवी सहित 5 कांवरियों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से पीएमसीएच पटना भेजा गया। वहीं, दूसरी तरफ हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
देवघर से पूजा कर लौट रहे थे
थाना अध्यक्ष राजेश शरण ने कहा कि कांवरियों से भरी बस पेड़ से टकराने की सूचना मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों ने दी। सभी घायलों को इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल लाया गया। 5 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया है। बाकी घायलों का इलाज रेफरल अस्पताल झाझा में किया जा रहा है। सभी देवघर से पूजा कर लौट रहे थे, जो छपरा जिले के रहने वाले हैं।