Movie prime

नवगछिया : देर रात एनकाउंटर में ढेर हुआ कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल

नवगछिया के रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास आधी रात लगभग एक बजे पुलिस और कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल उर्फ सनोज कुमार के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में गुरुदेव मंडल की मौत हो गई। पुलिस को रोकने पर अपराधी ने गोली चलाना शुरू कर दिया था, जिसके बाद पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से जवाबी कार्रवाई कर उसे ढेर कर दिया। यह घटना रंगरा थाना अंतर्गत मुरली सोनैया धार के निकट हुई, जहां अपराधियों और पुलिस के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। मृतक गुरुदेव मंडल पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के हरीनकोल गांव के दशरथ मंडल के पुत्र थे।

पुलिस की चेतावनी पर फायरिंग:
शुक्रवार की रात पुलिस ने अपराधी को रुकने का इशारा किया था, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें गुरुदेव मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस के मुताबिक, गुरुदेव मंडल पर धमदाहा थाने में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। साल 2022 में भी वह कंचनपुर कदवा में घायल हो चुका था। नवगछिया में 2022 के अप्रैल और मई के बीच तीन बड़ी लूटपाट के मामलों में भी उसका नाम सामने आया था।

साल 2022 में नवगछिया जीरोमाइल के पास गुरुदेव मंडल अपने साथी अपराधियों के साथ लूट की योजना बना रहा था, जिसकी सूचना तत्कालीन नवगछिया एसपी सुशांत सरोज को मिली थी। इसके बाद एसडीपीओ दिलीप कुमार की अगुवाई में पुलिस की टीम ने कार्रवाई की थी।

एसडीपीओ पर हुआ था हमला
पुलिस टीम के पहुंचते ही गुरुदेव मंडल और उसके साथियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलीबारी की। एसडीपीओ दिलीप कुमार बाल-बाल बच गए थे। जवाबी फायरिंग में गुरुदेव मंडल के पैर में गोली लगी थी, बावजूद इसके वह साथी अपराधी के साथ भागने में सफल रहे थे।

फिर एक बार एनकाउंटर में मारा गया
यह माना जा रहा है कि यदि एसडीपीओ ने फायरिंग न की होती तो उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता था। शुक्रवार की रात रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली सोनैया धार के पास गुरुदेव मंडल फिर से अपने गिरोह के साथ आपराधिक योजना बना रहे थे, जहां पुलिस ने उन्हें घेरकर एनकाउंटर कर खत्म कर दिया।