Movie prime

RJD की स्टार प्रचारक लिस्ट में नहीं है राबड़ी और मीसा का नाम, HAM ने कहा- पार्टी सिर्फ एक आदमी के कब्जे में है

मां और बहनों को घर से तो निकाल ही दिया है, अब दल से भी निकाल दिया. पार्टी सिर्फ और सिर्फ एक ही आदमी चला रहा है और राजद में मनमानी कर रहा है. 
 

बिहार में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजद ने अपने स्टार प्रचारक की लिस्ट जारी की है। लेकिन अब इस लिस्ट को लेकर बवाल मच रहा है। बवाल की वजह इस लिस्ट से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सांसद मीसा भारती का नाम नहीं होना है। स्टार प्रचारक की लिस्ट से राबड़ी देवी और मीसा भारती का नाम नहीं होने पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री बनी थीं। मीसा भारती राज्य सभा सांसद हैं। इसके बावजूद इन दोनों लोगों का नाम राजद के स्टार प्रचारक की सूची में नहीं है। यही नहीं तेजप्रताप यादव ने भी इस बात पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। 

दरअसल, बीते शुक्रवार को राजद ने विधानसभा की 2 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 20 नेताओं का नाम शामिल है, जिसमें पहले नंबर पर लालू यादव और दूसरे नंबर पर तेजस्वी यादव का नाम है। लेकिन इस लिस्ट में ना तो तेजप्रताप यादव का नाम है और ना ही राबड़ी देवी का। यहां तक की मीसा भारती का नाम भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं है। इसे लेकर खूब बवाल मच रहा है। दानिश रिजवान ने सूची में नाम न होने को लेकर कहा है कि इससे स्पष्ट है कि राजद की बागडोर जो संभाले हुए हैं, वो महिलाओं की हिस्सेदारी के लिए कितना सजग हैं। उन्होंने कहा कि घर के ही लोग तेजप्रताप को नीचा दिखा रहे हैं। अब मां और बहन को भी पार्टी से दूर किया जा रहा है।

दानिश रिजवान ने इस मामले पर तेजप्रताप यादव की बात से सहमती जताई। उन्होंने कहा कि मां और बहनों को घर से तो निकाल ही दिया है, अब दल से भी निकाल दिया। उन्होंने इस बात की निंदा की। वहीं तेजप्रताप को लेकर कहा कि वह अब समझने लगे हैं कि किस तरह पार्टी से उन्हें अलग किया जा रहा है। पार्टी सिर्फ और सिर्फ एक ही आदमी चला रहा है और राजद में मनमानी कर रहा है। यही कारण रहा है कि कांग्रेस से भी उनके संबंध खत्म हो गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सब देख रही है कि अपने राजनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर तेजस्वी क्या-क्या कर रहे हैं। समय आने पर जनता उन्हें जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।


बता दें, स्टार प्रचारक की लिस्ट से राबड़ी देवी और मीसा भारती का नाम नहीं होने पर तेजप्रताप खासा गुस्सा हैं। उन्होंने इस मामले पर ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें उनके नाम रहने से कोई शिकायत नहीं है लेकिन मां राबड़ी देवी और बहन मीसा भारती का अधिकार छीने जाने को लेकर वह काफी दुखी हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा होती है, वहीं इस लिस्ट से मां का नाम ही हटा दिया गया है। यह कहां तक उचित है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, " ऐ अंधेरे देख ले मुंह तेरा काला हो गया, मां ने आंखें खोल दीं घर में उजाला हो गया। मेरा नाम रहता ना रहता मां और दीदी का नाम रहना चाहिए था। इस गलती के लिए बिहार की महिलाएं कभी माफ नहीं करेगीं, दशहरा में हम मां की ही अराधना करतें हैं ना जी "

तेजप्रताप RJD स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हुए बाहर, कांग्रेस के लिए मांग सकते है वोट- https://newshaat.com/bihar-local-news/tej-pratap-out-of-the-list-of-rjd-star-campaigners/cid5424044.htm