झारखंड के 13 प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा उन्नयन, राज्य सरकार ने बनाई योजना
झारखंड सरकार के कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने राज्य के 13 पर्यटन स्थलों को विकसित करने का फैसला किया है। इन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए गए हैं। कोल्हान प्रमंडल के तीन पर्यटन स्थल—चाकुलिया का तेतुलडुंगरी-खुकड़ापहाड़ी, खरसावां के ईचा स्थित रघुनाथ जी महाप्रभु मंदिर, और जमशेदपुर के बोड़ाम स्थित हाथी खेदा मंदिर—इस सूची में शामिल हैं।
पर्यटन संवर्धन समिति की अनुशंसा
पर्यटन स्थलों को अपग्रेड करने की सिफारिश राज्य सरकार की पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक में की गई। इन स्थलों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इन्हें चार श्रेणियों—ए, बी, सी, और डी—में बांटा गया है।
कोल्हान के तीन स्थल C श्रेणी में
कोल्हान प्रमंडल के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों को सी श्रेणी में रखा गया है। इन्हें जल्द ही अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बताते चलें कि राज्य के जिन जिलों से ये पर्यटन स्थल चुने गए हैं, उनमें गिरिडीह, साहेबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पलामू, सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, लोहरदगा, पाकुड़, देवघर, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी और गुमला शामिल हैं।