मुख्य आयकर आयुक्त की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 27वीं बैठक का आयोजन
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) केंद्रीय कार्यालय, रांची की छमाही बैठक आज रांची के होटल रैडिसन ब्लू में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य आयकर आयुक्त, रांची कुमार संजय ने की। यह बैठक नराकास की 27वीं छमाही बैठक थी। बैठक में लगभग 120 सदस्य शामिल हुए जिसमें कार्यालय प्रमुख, विभागाध्यक्ष, हिन्दी अधिकारी एवं सहायक शामिल हुए। बैठक का संचालन करते हुए समिति के सचिव डॉ० सूर्यकांत सामल ने अध्यक्ष महोदय के साथ-साथ यहां उपस्थित सभी विभागाध्यक्ष एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण में उन्होंने नराकास बैठक की महत्ता एवं सदस्य कार्यालयों से प्राप्त तिमाही रिपोर्टों की समीक्षा भी की।
अध्यक्षीय संबोधन में समिति के अध्यक्ष कुमार संजय ने कहा कि केंद्र सरकार के सभी कार्यालयों में सरकारी काम में हिन्दी का अधिक-से-अधिक प्रयोग करने की भारतीय संविधान के अनुसार व्यवस्था है। उन्होंने राजभाषा नीतियों, नियमों एवं आदेशों को लागू करने के लिए बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से आग्रह किया। उन्होंन कहा कि राजभाषा अधिकारियों पर हिन्दी के प्रगामी प्रयोग का बड़ा दायित्व होता है। हिन्दी बैठकों/कार्याशालाओं का आयोजन प्रत्येक तिमाही के प्रारंभ में ही कर लेना अच्छा होता है। नराकास के माध्यम से झारखंड में अवस्थित केंद्रीय कार्यालय अपने विभाग की उपलब्धियों बता सकते हैं। उन्होंने राष्ट्र निर्माण के लिए आयकर देने और इसके बारे में लोगों को प्रेरित करने के लिए ककहरा के माध्यम से रोचक जानकारी दी।
इस अवसर परअतिथि के रूप में आमंत्रित सहायक निदेश (कार्यान्वयन) राजभाषा कोलकाता निर्मल कुमार दूबे ने भी राजभाषा नियम पांच और धारा 3 (3) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निर्मल दूबे ने अनुवाद के लिए बनाए गए सॉफ्टवेयर कंठस्थ 2.0 एवं अनुवादिनी के प्रयोग की भी जानकारी दी।
इस मौके पर सदस्य कार्यालयों की ओर से हिन्दी में कार्य करने संबंधित प्रश्न भी पूछे गए जिनका विशेषज्ञों द्वारा उत्तर दिया गया। पासपोर्ट कार्यालय की मौसमी गोप के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया। भोजनावकाश के उपरांत कार्यक्रम की समाप्ति हुई।