Movie prime

पलामू की 3.49 लाख महिलाओं को मिली मंईयां सम्मान योजना की मई माह की किस्त, खाते में ट्रांसफर हुई राशि

पलामू जिले की महिलाओं के लिए राहत की खबर है। मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत मई महीने की निर्धारित राशि लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी गई है। शुक्रवार दोपहर बाद से यह धनराशि लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर होना शुरू हो गई। सामाजिक सुरक्षा कोषांग की ओर से यह रकम जिला कोषागार को पहले ही भेज दी गई थी। इस चरण में जिले की कुल 3,49,080 महिलाओं को प्रत्येक को ₹2500 की राशि प्रदान की गई है। इससे पहले अप्रैल माह की राशि जून में लाभार्थियों के खातों में भेजी गई थी। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा मंईयां सम्मान योजना के लिए कुल ₹559 करोड़ की राशि पांच महीनों के लिए आवंटित की गई थी।

पलामू जिले में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक विक्रम आनंद ने मई महीने की किस्त के ट्रांसफर की पुष्टि की है।

आधार से लिंक खातों को ही मिल रही राशि
योजना के तहत केवल उन्हीं लाभुकों को राशि मिल रही है जिनके बैंक खाते आधार से लिंक हैं और डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) ऑप्शन सक्रिय है। कोषांग द्वारा मंईयां सम्मान योजना के पोर्टल से डेटा डाउनलोड कर लाभुकों का सत्यापन किया गया, जिसके आधार पर भुगतान किया गया।

मार्च माह में योजना के तहत 3,72,937 महिलाओं को तीन माह की एकमुश्त राशि ₹7500 ट्रांसफर की गई थी। हालांकि, इसके बाद आंकड़ों की समीक्षा में यह पाया गया कि कई महिलाओं के खाते आधार से जुड़े नहीं थे या उनकी उम्र योजना की पात्रता से बाहर हो गई थी, जिससे लाभुकों की संख्या में कुछ गिरावट आई।