Movie prime

Chatra: सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 2 जवान शहीद, तीन की हालत गंभीर

चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के जोरी बॉर्डर पर स्थित बैरियो जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई।  इस मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी शहीद हो गये। इसमें सिकंदर सिंह और शुकर राम शामिल हैं। वहीं तीन जवान कृष्णा, आकाश और संजय घायल हैं।  मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान पर पुलिस निकली थी इस दौरान घात लगाये नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी। वहीं घायल जवानों को आनन-फानन में सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर अवस्था देखते हुए रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस मुठभेड़ में नक्सलियों को भी गोली लगी है। यहां बता दें कि शहीद सिकंदर राम गया के रहने वाले थे। वहीं, शुकर राम पलामू के रहने वाले थे।

जंगल को घेर कर अभियान तेज

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी संगठन के नक्सली बैरियो जंगल में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। जिसके बाद सुरक्षा बलों के द्वारा सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बल को देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी। जिसमें दो जवान शहीद हो गये, जबकि तीन जवान घायल हैं। वहीं दूसरी ओर सुरक्षा बलों के द्वारा पूरे जंगल को घेर कर अभियान तेज कर दिया गया है।