पिठोरिया में सरहुल जुलूस के दौरान झड़प, केंद्रीय सरना समिति ने की आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग

रांची के पिठोरिया में सरहुल जुलूस के दौरान झालर को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो पक्षों के बीच भिड़ंत हो गई। इस संघर्ष में पाहन सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद बुधवार को केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई, तो पिठोरिया चौक को बंद कराया जाएगा।
झालर गिरने से बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेड़ाबालू में सरहुल पर्व के दौरान एक झालर लगाया गया था। जुलूस के गुजरने के दौरान यह झालर झंडे की टकराहट से टूट गया, जिससे इसे लगाने वाले लोग नाराज हो गए। उनकी नाराजगी जल्द ही आक्रोश में बदल गई और उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया।

इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख गांव के कुछ प्रबुद्ध लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और झगड़ रहे लोगों को वहां से हटाया। हालांकि, घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है।