महिला स्वास्थ्य और दृष्टि सुरक्षा में योगदान के लिए डॉ. भारती कश्यप को किया गया सम्मानित
Dec 28, 2024, 19:03 IST
हैदराबाद के गाचीबोवली स्थित सेंटेनरी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित नेटकॉन 2024 वार्षिक सम्मेलन के भव्य समारोह में प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भारती कश्यप को 'आईएमए नेशनल प्रेसिडेंट बेस्ट सोशल एक्टिविटी एप्रिसिएशन अवार्ड' से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार उनके समाजसेवा में निरंतर उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया। इसी कार्यक्रम में डॉ. बी.पी. कश्यप को 'एम.जी. गर्ग अवार्ड' से भी नवाजा गया।
महिला स्वास्थ्य और सुरक्षा अभियान में अभूतपूर्व योगदान
डॉ. भारती कश्यप ने 2014 से झारखंड के पलामू, उत्तर छोटानागपुर, दक्षिण छोटानागपुर, कोल्हान और संथाल परगना जैसे क्षेत्रों में 'मेगा वुमेन्स हेल्थ एंड सेफ्टी कैंपेन' चलाया है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से मुक्त करना है। 2024 में कोल्हान क्षेत्र के गुवा, गोलेकेरा और टोंटो में महिलाओं के स्वास्थ्य और दृष्टि सुरक्षा पर केंद्रित मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किए गए।
अप्रैल 2021 से अक्टूबर 2024 के बीच झारखंड में 4,44,301 प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं का सर्वाइकल कैंसर के लिए परीक्षण किया गया। डॉ. कश्यप की इस पहल ने ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया है। आज महिलाएं इन जानकारियों को अन्य महिलाओं तक पहुंचाकर गंभीर बीमारियों के प्रति सचेत कर रही हैं।
डॉ. कश्यप ने स्थानीय डॉक्टरों को डिजिटल वीडियो कोलपोस्कोप-गाइडेड क्रायो-ट्रीटमेंट में प्रशिक्षित करने का भी कार्य किया है, ताकि सरकारी अस्पतालों में लगातार उपचार सुनिश्चित हो सके। इस पहल के माध्यम से सरकारी और निजी स्त्री रोग विशेषज्ञों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है।
दृष्टि सुरक्षा में 33 वर्षों की सेवा
डॉ. कश्यप ने 'दृष्टि सुरक्षा अभियान' के तहत पिछले 33 वर्षों में झारखंड के 20 लाख से अधिक स्कूल छात्रों को लाभ पहुंचाया है। उन्होंने आदिवासी समुदाय, मानव तस्करी के शिकार, समाचार पत्र विक्रेताओं, मधुमेह रोगियों, वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों, झुग्गीवासियों, मानसिक रूप से कमजोर बच्चों, एथलीटों और ट्रक चालकों सहित हजारों लोगों का इलाज किया है।
कॉर्नियल ट्रांसप्लांट में रिकॉर्ड उपलब्धि
इस वर्ष कश्यप मेमोरियल आई बैंक में 116 कॉर्नियल ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किए गए हैं। अब तक लगभग 1,000 नेत्र प्रत्यारोपण पूरे किए जा चुके हैं। झारखंड में इस साल के अंत तक 150 कॉर्नियल ट्रांसप्लांट का लक्ष्य निर्धारित है।
समाजसेवा में प्रेरणादायक योगदान
महिलाओं के स्वास्थ्य, दृष्टि सुरक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में डॉ. भारती कश्यप का योगदान झारखंड और देश के अन्य हिस्सों में गहरा प्रभाव डाल रहा है। उनकी निरंतर प्रयासों ने हाशिए पर रहने वाले समुदायों को जागरूक कर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।