Movie prime

मीरा सिंह के आवास से ईडी को मिले आधा दर्जन से ज़्यादा मोबाइल, जानें और क्या मिला

आज अहले सुबह ईडी ने तुपुदाना ओपी प्रभारी मीरा सिंह के ठिकानों पर दबिश दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरा सिंह के आवास से ईडी को छापेमारी के दौरान आधा दर्जन से ज़्यादा मोबाइल और 15 लाख नकद मिले हैं। खबर लिखने तक ईडी की छापेमारी जारी है। फिलहाल इस मामले में रांची पुलिस के किसी भी अधिकारी का बयान नहीं आया है। 

ज्ञातव्य हो कि मीरा सिंह 2012 बैच की दारोगा हैं। वह सत्ता की करीबी रही हैं। उनकी पहुंच यहां तक है कि एक बार डीजीपी को भी उनके तबादले का आदेश वापस लेना पड़ा था। 25 फरवरी, 2021 को खूंटी में थाना प्रभारी रहते हुए मीरा सिंह को एसीबी ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था। रांची जिला में स्थानांतरित होने के बाद मीरा सिंह को दो साल पहले तुपुदाना ओपी का थाना प्रभारी बनाया गया था। मीरा सिंह पर गंभीर आरोप लग चुके हैं। उन्हें पद से हटाने की भी अनुशंसा हुई है।

गौरतलब है कि मीरा सिंह का विवादों से गहरा नाता रहा है। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री सह ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास भी पूर्व में कई बार सरकार को पत्र लिखकर मीरा सिंह पर करवाई की मांग कर चुके हैं। झारखंड उच्च न्यायालय, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में भी दारोगा मीरा सिंह पर पहले से मुकदमा चल रहा है। मीरा सिंह के करीबी जमीन कारोबारी सह कांग्रेस के प्रदेश सचिव लाल मोहित नाथ शाहदेव के तुपुदाना स्थित आवास पर भी ईडी की टीम छापेमारी कर रही है।