राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने शहीद सुनील धान को दी श्रद्धांजलि, कहा-परिजनों के साथ सदैव खड़ी रहेगी सरकार
Apr 13, 2025, 13:34 IST

रांची स्थित झारखंड जगुआर मुख्यालय में रविवार को एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जब राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद जवान सुनील धान को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद को नमन किया और उनके परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे। सभी ने शहीद के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर उनके बलिदान को याद किया।
शहीद के परिवार को नहीं छोड़ेंगे अकेला : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जवान की शहादत पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं परिवारों के लिए बेहद पीड़ादायक होती हैं, लेकिन राज्य सरकार इस कठिन समय में परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता करेगी।
नक्सलवाद पर कड़ा प्रहार, ऑपरेशन हो रहा सफल : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उग्रवाद अब अपने आखिरी दौर में है। सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हालात तेजी से सुधर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो कुछ गिने-चुने उग्रवादी बचे हैं, वे बौखलाहट में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन उनकी हर साजिश नाकाम हो रही है। सरकार और सुरक्षा बलों की रणनीति लगातार असर दिखा रही है।

शहीद जवान खूंटी जिले के कांटी पोड़हा टोली के निवासी थे
शहीद सुनील धान खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड स्थित कांटी पोड़हा टोली गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में मां फगुनी उरांव, पत्नी गंदरी धान और दो छोटे बेटे – प्रियांश (6 वर्ष) और अनिकेत (4 वर्ष) हैं। उनके बलिदान ने पूरे राज्य को गर्व के साथ-साथ गम में भी डुबो दिया है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने घायल जवान से की मुलाकात
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राज अस्पताल में भर्ती घायल कोबरा बटालियन के जवान विष्णु सैनी से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से उनके इलाज की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनके बेहतर उपचार की पूरी जिम्मेदारी लेगी। ज्ञात हो कि पश्चिमी सिंहभूम के जराईकेला में सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में वे घायल हो गए थे।